देश के उपराष्ट्रपति ने ‘हर घर तिरंगा’ रैली को दिखाई हरी झंडी,इस बार 15 अगस्त क्यो है खास,जानिए पूरी खबर

देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने आज शुक्रवार को दिल्ली के प्रगति मैदान से ‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी, अनुराग ठाकुर और शोभा करंदलाजे भी मौजूद रहे।

15 तक मनेगा हर घर तिरंगा–

बता दें, आजादी का अमृत महोत्सव के तत्वावधान में 13 से 15 अगस्त तक पूरे देश में ‘हर घर तिरंगा’ मनाया जाएगा। इसमें लोगों को अपने-अपने घरों पर झंडे फहराने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।

इस अभियान की व्यापक पहुंच सुनिश्चित करने और बड़ी संख्या में लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज से सांसदों और मंत्रियों के साथ एक ‘तिरंगा’ बाइक रैली आयोजित की जा रही है।

‘हर घर तिरंगा’ बाइक रैली से पहले केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि आने वाले 15 अगस्त को देश के नागरिक अपने घरों पर तिरंगा लगाएं। यह ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ का समापन कार्यक्रम है। हर किसी को इसका हिस्सा बनना चाहिए।

घरों में लगाएं तिरंगा–

वहीं, केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को 15 अगस्त और 26 जनवरी को अपने घरों में तिरंगा लगाना चाहिए। यह नागरिकों का कर्तव्य है। इस साल 15 अगस्त इसलिए खास है। यह आजादी का अमृत महोत्सव के समापन का प्रतीक है।
इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने रंजन चौधरी के निलंबन पर कहा कि अधीर रंजन चौधरी ने कल जो किया वह बहुत गलत था। वह क्या कहना चाहते थे? देश की 140 करोड़ जनता आपको देख रही थी। यह भाजपा या सरकार का अपमान नहीं था। वह संसद का अपमान करने की कोशिश कर रहे थे।

Share
Now