दीपक यादव हमीरपुर उत्तर प्रदेश
हमीरपुर। आज जिला मुख्यालय में कोटेदारों ने कमीशन बढ़ाने की मांग सहित अन्य समस्याओं के निस्तारण के लिये सात सूत्रीय मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा।इस दौरान दर्जनों कोटेदार कलेक्ट्रेट में विरोध प्रदर्शन जताने पहुंचे। कोटेदारों ने प्रति कुंटल 90 रुपये से अधिक कमीशन की मांग कर मांगें न मानने पर काम बंद कर आंदोलन करने की चेतावनी दी।
ऑल इंडियन फेयर प्राइस डीलर्स एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष सुमंत शर्मा ने बताया कि लंबित भुगतान एवं अन्य प्रमुख समस्याओं के निस्तारण कराए जाने हेतु जिलाधिकारी को ज्ञापन दिया गया है। ज्ञापन में विक्रेताओं का 2004 से 2014 तक परिवहन व्यय, 2 नवम्बर 2021 के नगद जमा चालान की धनराशि का भुगतान, चना, नमक, रिफाइंड, लाभांश एवं परिवहन व्यय भुगतान, ज्वार बाजरे का लाभांश भुगतान, विक्रेताओं का माह फरवरी से अब तक का बकाया लाभांश भुगतान, सर्वर, ई पॉश मशीनें एवं कांटो में खराबी का निस्तारण समय से किये जाने सहित डोर स्टेप डिलेवरी के अंतर्गत दुकानों पर खाद्यान्न उठान हेतु होने वाली समस्याओं के निस्तारण की मांग की गयी है।







