Home / News / सभापति ने सीएम को बताई शहर की जरूरतें

सभापति ने सीएम को बताई शहर की जरूरतें

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

झालावाड़। नगरीय निकाय और पंचायतीराज के जनप्रतिनिधियों के साथ रविवार को जयपुर में सीएम भजन लाल शर्मा की कांफ्रेंस हुई। इसमें झालावाड़ नगरपरिषद सभापति प्रदीप सिंह राजावत ने शहर के कई मुद्दों से सीएम को अवगत करवाया। इसमें बताया गया कि झालावाड़ में नगरपरिषद का वर्तमान भवन काफी जर्जर हो गया है। इसलिए नए भवन की जरूरत है। नए भवन के लिए 9.50 करोड़ रुपए की जरूरत है। नगरपरिषद की आर्थिक स्थिति काफी कमजोर होने से निविदा नहीं निकाली जा रही है जबकि इसके लिए भूमि चिंहित है। सरकार से इसका बजट उपलब्ध होना चाहिए ताकि नया भवन बनाया जा सके। इसी तरह से मुख्यमंत्री जन आवास योजना में 1440 आवास स्वीकृत हैं। ठेकेदार की प्रगति न्यून है। इससे अभी तक केवल 192 मकान ही नगरपरिषद को सुपुर्द किए गए हैं। इसके चलते राज्य सरकार की महत्वकांशी योजना का लाभ लोगों को नहीं मिल पा रहा है। रूडसिको को इसके लिए पाबंद करवाया जाए। नगरपरिषद क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए बजट उपलब्ध करवाया जाए। यहां 13 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार किए गए हैं, लेकिन नगरपरिषद की आर्थिक स्थिति सही नहीं होने से निविदा ही आमंत्रित नहींे की जा रही है। यहां पर आयुक्त का पद लंबे समय से रिक्त चल रहा है। इसी तरह से राजस्व अधिकारी प्रथम, द्वितीय, सहायक अभियंता विद्युत सहित स्वास्थ्य निरीक्षक, कनिष्ठ सहायक, वरिष्ठ सहायक, मुख्य स्वास्थ्य निरीक्षक, लेखाधिकारी, अग्निशमन अधिकारी, सहायक राजस्व निरीक्षक सहित अन्य पद रिक्त चल रहे हैं। इससे नगरपरिषद में आमजन और विभागीय कार्यों में विलम्ब होता है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now