कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर एक बार फिर चुनावी धांधली का मुद्दा उठाया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और गड़बड़ियों को लेकर गंभीर आरोप लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सीधा निशाने पर लिया।
याद दिला दें कि 1 सितंबर को पटना में अपनी “वोटर अधिकार यात्रा” के समापन पर राहुल गांधी ने कहा था कि कांग्रेस जल्द ही “वोट चोरी” पर बड़ा खुलासा करेगी, जिसे उन्होंने “हाइड्रोजन बम” करार दिया था। उन्होंने दावा किया था कि इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता का सामना नहीं कर पाएंगे।
कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल से इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को लेकर उत्सुकता बढ़ाई। पोस्ट में लिखा गया— “कुर्सी की पेटी बांध लीजिए…” और इसके साथ पिछले महीने की प्रेस वार्ता का एक वीडियो क्लिप साझा किया गया। पार्टी ने संकेत दिया कि इस बार भी राहुल गांधी का फोकस ‘वोट चोरी’ का मुद्दा ही रहेगा।
कांग्रेस के संचार प्रमुख पवन खेड़ा ने भी सोशल मीडिया पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की जानकारी साझा की थी, हालांकि उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया था कि राहुल किस विषय पर बोलेंगे।
गौरतलब है कि पिछले महीने राहुल गांधी ने 2024 लोकसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि कर्नाटक के महादेवपुरा विधानसभा क्षेत्र में चुनावी हेरफेर कर करीब एक लाख से ज्यादा वोट चुराए गए। राहुल ने इसे लोकतंत्र पर “परमाणु बम” बताया था।






