रंग बिरंगे फूलों का दीदार करने का मन है तो देहरादून के राजभवन में चले आइए। यहां आज शनिवार 13 मार्च से 14 मार्च तक बसंतोत्सव में फूलों का अनोखा संसार सजा हुआ है। स्कूली बच्चों के साथ ही आम लोगों के लिए पुष्प प्रदर्शनी में निशुल्क प्रवेश है। हालांकि यहां कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियमों का पालन करना अनिवार्य है। प्रदर्शनी में आने के लिए मास्क पहनना, सैनिटाइज और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना जरूरी है।बता दें कि राजभवन में 2003 से बसंतोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पिछले साल कोरोना महामारी के कारण बसंतोत्सव नहीं हो पाया था। इस बार कोविड के नियमों का पालन करते हुए 13 से 14 मार्च तक बसंतोत्सव मनाया जा रहा है। अब बसंतोत्सव सांस्कृतिक व आर्थिक महोत्सव के रूप में पहचान बना चुका है। खुशी की अभिव्यक्ति करने के साथ ही पुष्प उत्पादन रोजगार व स्वरोजगार का माध्यम बन गया है। इस बार शहरी क्षेत्रों में औद्यानिकी को बढ़ावा देने के लिए वर्टिकल गार्डन की जानकारी दी गई है। वहीं, खाद्य उत्पादों में इस्तेमाल होने वाले फूलों और उनके फायदे के बारे में लोगों की जानकारी दी जा रही है। पुष्प प्रदर्शनी का शुभारंभ 13 मार्च को किया गया।
देहरादून राज भवन में बसंतोत्सव का शुभारंभ आज हुआ ……
