Home / Updates / औचक निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाएं, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार …

औचक निरीक्षण में खुली अव्यवस्थाएं, डीएम ने अधिकारियों को लगाई फटकार …

तालाब, सड़क, पार्क और सफाई पर फोकस, डीएम ने लिया तहसील सिकंदरपुर का जायजा

तहसील सिकंदरपुर में पार्क, सड़क और तालाब सुंदरीकरण के दिए निर्देश

(रिपोर्ट-नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)

बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शनिवार को तहसील सिकंदरपुर का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर की साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं तथा प्रशासनिक कार्यप्रणाली में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील परिसर में स्थित तालाब का अवलोकन किया। तालाब की वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्होंने नगर पालिका सिकंदरपुर को तालाब के सुंदरीकरण, नियमित जलभराव तथा चारों ओर सुरक्षा की दृष्टि से रेलिंग लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही तहसील परिषद परिसर में स्थित तालाब के समीप खाली पड़ी भूमि पर आमजन के उपयोग हेतु पार्क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र कार्य शुरू कराने को कहा। जिलाधिकारी ने तहसील के अंदर आने-जाने वाली सड़क की स्थिति का भी जायजा लिया और सड़क निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार कर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील परिसर में स्थित उप कोषागार कार्यालय में उप निबंधन कार्यालय को शिफ्ट करने के निर्देश दिए, जिससे आम जनता को सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने ग्राम न्यायालय का भी निरीक्षण किया, जहां शौचालय की स्थिति असंतोषजनक पाए जाने पर तत्काल साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके साथ ही ग्राम न्यायालय परिसर में संचालित कैंटीन को नीलामी के माध्यम से हटाकर वहां अन्य कार्यालय शिफ्ट करने को कहा। तहसील परिसर में चारों ओर गंदगी पाए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की और नगर पालिका सिकंदरपुर को 15 दिनों तक विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर तहसील परिसर को साफ-सुथरा बनाने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने तहसील गेट के सामने लगे जनरेटर को तहसील सभागार के पीछे शिफ्ट कराने तथा तहसील परिषद में विद्युत विभाग द्वारा स्थापित ट्रांसफार्मर को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने के निर्देश भी दिए।

इसके अलावा जिलाधिकारी ने न्यायालय कक्षों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अलमारियों में रखी फाइलों का रखरखाव अव्यवस्थित पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई और सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को फाइलों को सुव्यवस्थित ढंग से रखने तथा अभिलेखों का सही रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि तहसील परिसर में स्वच्छता, सुरक्षा और प्रशासनिक व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सिकंदरपुर सुनील कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Tagged:
[post-views]
Share
Now