Home / Updates / तेज रफ्तार का कहर! कार-बाइक भिड़ंत में तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत…..

तेज रफ्तार का कहर! कार-बाइक भिड़ंत में तीन पीढ़ियों की दर्दनाक मौत…..

पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार दोपहर रफ्तार का कहर देखने को मिला। दियोरिया कलां रोड पर ग्राम मानपुर और विसंघापुर के बीच तेज रफ्तार कार ने सामने से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भयानक था कि बाइक पर सवार मां, बेटा और 12 वर्षीय पौत्र की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार काफी तेज थी। टक्कर के बाद सभी सवार सड़क पर दूर जा गिरे और घटनास्थल पर ही उनकी सांसें थम गईं। हादसे के बाद चालक कार छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।

मृतकों की पहचान

पुलिस ने मृतकों की पहचान शाहजहांपुर जनपद के पुवायां क्षेत्र के ग्राम टिकलिया निवासी प्रवीन कुमार (35), उनकी मां सुशीला देवी (60) और बेटे यश (12) के रूप में की। तीनों रिश्तेदारी से लौटकर घर जा रहे थे।

परिवार में मातम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। मां-बेटे और पौत्र की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

पुलिस ने कहा कि फरार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर हादसे की पूरी जांच की जाएगी।

रिपोर्ट : कनक चौहान

Tagged:
[post-views]
Share
Now