Home / News / सहारनपुर में SIR समीक्षा बैठक, टिंकू अरोड़ा के निवास पर हुआ आयोजन…

सहारनपुर में SIR समीक्षा बैठक, टिंकू अरोड़ा के निवास पर हुआ आयोजन…

सहारनपुर नगर में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन वरिष्ठ सपा नेता व पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा के निवास पर किया गया। चुनाव आयोग द्वारा चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत समाजवादी पार्टी द्वारा प्रत्येक विधानसभा स्तर पर सक्रिय रूप से कार्य किया जा रहा है।

इस संबंध में समाजवादी पार्टी मुख्यालय द्वारा सांसद हरेंद्र मलिक को सहारनपुर जिले का प्रभारी तथा राष्ट्रीय सचिव प्रोफेसर भूवन जोशी को सह-प्रभारी नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में जिले की सातों विधानसभाओं में लगातार एसआईआर समीक्षा बैठकें की जा रही हैं।

इसी क्रम में सहारनपुर महानगर की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रोफेसर भूवन जोशी ने पार्टी द्वारा नियुक्त बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और एसआईआर से संबंधित जानकारी ली। उन्होंने यह भी जाना कि कितने प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है और कितने मतदाता थर्ड कैटेगरी में हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यकर्ता सक्रिय होकर उन सभी मामलों में आपत्ति निस्तारण कराएं, जिनमें मतदाताओं की मैपिंग शेष है।

उन्होंने कहा कि पीडीए के मतों पर कुछ लोग नजर लगाए हुए हैं, जिनका उद्देश्य विपक्ष के वोट कटवाना है, लेकिन समाजवादी पार्टी का हर कार्यकर्ता यह सुनिश्चित करेगा कि किसी भी मतदाता का नाम न कटने पाए।

पार्षद अभिषेक टिंकू अरोड़ा ने कहा कि जब से विशेष गहन पुनरीक्षण का कार्य शुरू हुआ है, तब से पूरे महानगर में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता और पार्षद लगातार मतदाता सत्यापन का कार्य कर रहे हैं। हर क्षेत्र में लोगों के फॉर्म भरवाकर बीएलओ को जमा कराए जा रहे हैं और मैपिंग का कार्य कराया जा रहा है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर एसआईआर कैंप भी लगाए जा रहे हैं तथा जिन मतदाताओं के फॉर्म मैप नहीं हो पाए हैं या जो थर्ड कैटेगरी में चले गए हैं, उनकी आपत्तियों का निस्तारण कराकर दोबारा सूची में शामिल कराया जा रहा है।

महानगर अध्यक्ष हाजी नवाब अंसारी ने बताया कि सहारनपुर नगर में वर्तमान में लगभग 375 बीएलए सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी क्षेत्र में किसी नागरिक को फार्म या आपत्ति निस्तारण में कोई परेशानी आती है तो महानगर टीम पूरी मदद करेगी और किसी भी मतदाता का नाम कटने नहीं दिया जाएगा।

कार्यक्रम को जिला अध्यक्ष अब्दुल वाहिद, प्रदेश सचिव मज़हर राणा एवं जिला कार्यालय प्रभारी फैसल सलमानी ने भी संबोधित किया। उन्होंने कहा कि वोट हमारा लोकतांत्रिक अधिकार है और एक विशेष वर्ग के वोट काटने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन सहारनपुर महानगर की टीम की जागरूकता और मेहनत ने इस साजिश को विफल कर दिया है। इसके लिए पूरी टीम बधाई की पात्र है।

इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता मुस्तकीम राणा, नदीम कुरैशी, मेहरबान, तनवीर वासिल, तोमर, रतन यादव, पारस टागड़ा, अनवर खान, वारिस, रईस अहमद, पार्षद फहाद सलीम, विशाल यादव, शुभम वर्मा, स्नेहल भाटिया, अहमद खान, गुलशन खान, शादाब खान, अनीश नाजिम, शहनवाज सिद्दीकी, मणि वर्मा, ऋषभ शर्मा, प्रिंस पंडित, अनुभव शर्मा, गोल्डी, रवि कश्यप और दीपक कश्यप सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

[post-views]
Share
Now