एटा जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अलीगंज थाना क्षेत्र के झकरई गांव की रहने वाली चार बच्चों की मां मनीषा अपने इंस्टाग्राम दोस्त के साथ फरार हो गई। करीब 25 दिन से लापता मनीषा को पुलिस ने सोमवार को बरामद किया और अलीगंज एसडीएम जगमोहन गुप्ता के न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट में मनीषा ने साफ कहा कि वह अब किसी भी हाल में अपने पति के साथ नहीं रहना चाहती हैं। उसने कहा कि उसका पति भूप सिंह शराब पीता है, जुआ खेलता है और घर में अनुचित लोगों को लाता है। मनीषा ने बताया कि इंस्टाग्राम पर उसकी पहचान बदायूं निवासी मुकेश यादव से हुई थी, जो धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। अब वह उसी के साथ ही रहना चाहती है। मनीषा ने एसडीएम के सामने अपने चारों बच्चों को साथ ले जाने से इनकार कर दिया। उसने कहा कि बच्चों को उनके पिता और परिवार के पास रहना चाहिए।
एसडीएम के सामने यह कहते ही उसके ससुर हंसराज और चारों बच्चे फूट फूट कर रो पड़े। हंसराज ने कहा, मेरी बहू ने मोबाइल दोस्ती के चक्कर में पूरा घर उजाड़ दिया। मेरे पोते पोती अपनी मां के बिना कैसे रहेंगे । भूप सिंह ने बताया कि उसकी पत्नी की बदायूं के मुकेश यादव से इंस्टाग्राम पर पहचान हुई थी, जिसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वह बच्चों को छोड़ उसके साथ चली गई। पुलिस का कहना है कि महिला बालिग है और उसने अपनी इच्छा से प्रेमी के साथ रहने का निर्णय लिया है। हालांकि, प्रशासन ने मामले की सामाजिक और कानूनी जांच शुरू कर दी है ताकि बच्चों की देखभाल और सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






