Join WhatsApp Group Join WhatsApp Group

आज अपनी ही मिट्टी में मिल जाएंगे शरद यादव ! पैतृक गांव में होगा अंतिम संस्कार…..

जनता दल यूनाइटेड के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का अंतिम संस्कार शनिवार को मध्यप्रदेश के नर्मदापुरम जिले में उनके पैतृक गांव में किया जाएगा। पुश्तैनी मकान से कुछ ही दूरी पर स्थित परिवार के ही खलिहान में उनके अंतिम संस्कार के लिए तैयारी की जा रही है। बिहार सरकार ने उनके निधन पर शुक्रवार को राज्य में एक दिवसीय राजकीय शोक की घोषणा की है।

शरद यादव के बड़े भाई पूर्व जिला शिक्षा अधिकारी एसपीएस यादव ने बताया कि घर के पास ही अंतिम संस्कार किया जाएगा। पार्थिव देह को दिल्ली से 14 जनवरी को सुबह 9 बजे विशेष विमान से भोपाल लाया जाएगा। जहां से फिर सड़क मार्ग से पैतृक गांव लाया जाएगा। दोपहर एक बजे अंतिम संस्कार होगा। मालूम हो कि बृहस्पतिवार देर रात गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में उनका निधन हो गया। वह 75 साल के थे। सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

राष्ट्रपति और कई नेताओं ने जताया शोक
शरद यादव एक छात्र नेता के तौर पर सत्तर के दशक में लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए लड़े। वो संसद में वंचितों की एक महत्वपूर्ण आवाज थे। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति मेरी गहन संवेदनाएं हैं। – द्रौपदी मुर्मू, राष्ट्रपति

शरद यादव एक लोकप्रिय नेता और कुशल प्रशासक थे. जिन्होंने सार्वजनिक जीवन में उच्च मानदंड स्थापित किए। नके परिवार के सदस्यों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। ओम शांति। – जगदीप धनखड़, उपराष्ट्रपति

Share
Now