शर्मनाक :पीएम मोदी ने जिस दिव्यांग को दुलारा ! उसी को बस में कंडक्टर ने धक्का देकर गिराया….

प्रयागराज के परेड ग्राउंड में 29 फरवरी 2020 को आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में जिस दृष्टिबाधित दिव्यांग शख्स ने पीएम मोदी के साथ सेल्फी ली थी, वही युवक बुधवार को रोडवेज के एक कंडक्टर के दुर्व्यवहार का शिकार हो गया। सिविल लाइंस बस स्टेशन पर विवेकमणि ने बस में दिव्यांग की सीट की मांग की तो उसे धक्का देकर गिरा दिया।

इस मामले की विवेक ने एआरएम से लिखित शिकायत भी की है। दरअसल लालगोपालगंज निवासी विवेकमणि त्रिपाठी बुधवार सुबह सिविल लाइंस बस स्टेशन पहुंचे। वहां वह प्रयाग डिपो की बस (यूपी 70 ईटी 9561) में सवार हुए। इस दौरान उन्होंने कंडक्टर से दिव्यांग सीट की मांग की। विवेक का आरोप है कि सीट मांगने पर कंडक्टर ने उनके साथ बदतमीजी की और धक्का देकर बस से बाहर कर दिया।

अफसरों से की शिकायत
धक्का देने से सड़क पर गिरे विवेक को कुछ लोगो ने सहारा देकर उठाया। चोटिल हुए विवेक ने इस घटना की जानकारी रोडवेज के अफसरों को दी है। विवेक से एआरएम प्रयाग को लिखे शिकायती पत्र में भी इसका उल्लेख किया। उनके अनुसार उन्हें काफी चोट भी आई। पत्र में कंडक्टर का नाम शिव शंकर यादव बताया है। साथ ही विवेक ने कंडक्टर के खिलाफ कार्रवाई की भी मांग की है।

किसी भी तरह का अमानवीय कृत्य बर्दाश्त नहीं है। इस मामले की जांच एआरएम प्रयागराज को सौंपी गई है। उनकी रिपोर्ट के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी। – एमके त्रिवेदी, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपी रोडवेज प्रयागराज परिक्षेत्र

Share
Now