Home / News / भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा नगर पालिका चुनाव

भीलवाड़ा जिले की शाहपुरा नगर पालिका चुनाव

रिपोर्टर पप्पू लाल पंचोली

में 80.43 प्रतिशत मतदान, वार्ड 32 में सबसे ज्यादा वोटिंग; 92 वर्षीय कमला देवी ने भी डाला वोट
23,438 में से 18,851 मतदाताओं ने किया मतदान; वार्ड 32 में 92.63% तो वार्ड 7 में 69.56% मतदान
शाहपुरा नगर पालिका चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को शाहपुरा के 35 वार्डों में पार्षद पद के लिए मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। सुबह मतदान की रफ्तार धीमी रही, लेकिन दोपहर बाद बूथों पर मतदाताओं की कतारें बढ़ती गईं। शाम 6 बजे मतदान समाप्त होने तक शाहपुरा में 80.43 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
नगर पालिका क्षेत्र में कुल 23,438 मतदाता पंजीकृत थे, जिनमें से 18,851 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दोपहर 1 बजे तक मतदान 53.13 प्रतिशत था, लेकिन इसके बाद मतदाताओं ने तेजी से मतदान केंद्रों का रुख किया और अंतिम पांच घंटों में मतदान प्रतिशत में उल्लेखनीय उछाल आया।
वार्ड 32 में सबसे ज्यादा, वार्ड 7 में सबसे कम मतदान
मतदान प्रतिशत के लिहाज से वार्ड 32 सबसे आगे रहा, जहां 92.63 प्रतिशत मतदाताओं ने वोट डाला। वहीं वार्ड 7 में सबसे कम 69.56 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। परकोटा क्षेत्र के महलों का चौक, इम्मानुएल मिशन स्कूल और कलिंजरी गेट क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर अपेक्षाकृत अधिक भीड़ नजर आई। दरबार हाई स्कूल, कन्या विद्यालय और राजकीय महाविद्यालय स्थित केंद्रों पर भी मतदान शांतिपूर्ण रहा।
मतदान के दौरान आरोप-प्रत्यारोप भी
मतदान के दौरान कांग्रेस की ओर से शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा पर मतदान केंद्रों के अंदर जाने का आरोप लगाया गया। इस संबंध में कांग्रेस नेताओं ने रिटर्निंग अधिकारी एवं उपखंड अधिकारी बनवारीलाल सिनसिनवार से शिकायत की। मामले को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा रही।
92 वर्षीय कमला देवी ने भी निभाया लोकतांत्रिक दायित्व
लोकतंत्र के इस पर्व में बुजुर्ग मतदाताओं का उत्साह भी देखने को मिला। 92 वर्षीय कमला देवी व्यास मतदान केंद्र पहुंचीं और अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उम्र के इस पड़ाव में मतदान के प्रति उनका उत्साह अन्य मतदाताओं के लिए प्रेरणादायी नजर आया।
विधायक बैरवा ने किया मतदान
शाहपुरा विधायक डॉ. लालाराम बैरवा ने दोपहर में राजकीय महाविद्यालय स्थित मतदान केंद्र पहुंचकर मतदान किया। उन्होंने मतदाताओं से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
पुलिस-प्रशासन रहा अलर्ट
मतदान को शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस की ओर से व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई। मतदान केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजुम कायल, डीएसपी नानालाल सालवी, थानाधिकारी लीलाधर मालवीय, काछोला थानेदार बालकिशन शर्मा सहित पुलिस अधिकारियों ने विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी गई।
110 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम में कैद
शाहपुरा नगर पालिका के 35 वार्डों में कुल 110 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान समाप्त होते ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद हो गई। अब मतगणना के दिन सामने आएगा जनता का फैसला और तय होगा कि शाहपुरा की नई शहरी सरकार की कमान किसके हाथों में जाएगी।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now