WFI अध्यक्ष BJP MP बृजभूषण शरण सिंह पर महिला पहलवानों के सनसनीखेज आरोप! विनेश फोगाट बोली यौन उत्पीड़न और शारीरिक शोषण करते है कोच धरने पर 30 पहलवान ……

दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। इस प्रदर्शन में कुल 30 पहलवान शामिल हैं। ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान भी इस प्रदर्शन का हिस्सा हैं। पहलवानों ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रदर्शन में शामिल पहलवान विनेश फोगाट ने कुश्ती संघ के अध्यक्ष और कोच के ऊपर पर महिलाओं को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। वहीं, अपने ऊपर लगे आरोपों को बृजभूषण शरण सिंह ने निराधार बताया है।

विनेश ने अपने बयान में कहा, ”कोच महिला खिलाड़ियों को प्रताड़ित कर रहे हैं और फेडरेशन के चहेते कुछ कोच महिला कोचों के साथ भी बदसलूकी करते हैं। वे लड़कियों का यौन उत्पीड़न करते हैं। डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने कई लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है।” विनेश फोगाट ने कहा है कि कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण ने कई लड़कियों का यौन शोषण किया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि पुरुष कोच भी लड़कियों और महिला कोच का यौन शोषण करते हैं।

जंतर-मंतर पर मौजूद पहलवानों ने कहा, ”वे (संघ) हमारे निजी जीवन में भी दखल देते हैं और हमें परेशान करते हैं। वे हमारा शोषण कर रहे हैं। जब हम ओलंपिक में गए थे तो हमारे पास फिजियो या कोच नहीं था। जब से हमने आवाज उठाई है, हमें धमकाया जा रहा है।”

विनेश फोगाट ने कहा “टोक्यो ओलंपिक में हार के बाद डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष ने मुझे ‘खोटा सिक्का’ कहा। डब्ल्यूएफआई ने मुझे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। मैं हर दिन अपने जीवन को समाप्त करने के बारे में सोचती थी। अगर किसी पहलवान को कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदारी डब्ल्यूएफआई अध्यक्ष की होगी।”

क्या है मामला?
भारत के कई दिग्गज पहलवान भारतीय कुश्ती संघ के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली के जंतर-मंतर में प्रदर्शन कर रहे पहलवानों ने राष्ट्रीय महासंघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह पर तानाशाही के आरोप लगाए हैं। विरोध प्रदर्शन कर रहे पहलवानों में टोक्यो ओलंपिक के कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया, साक्षी मलिक और विश्व चैम्पियनशिप पदक विजेता विनेश फोगट सहित देश के कई शीर्ष पहलवान शामिल हैं। बृजभूषण शरण सिंह कैसरगंज से भाजपा सांसद भी हैं।

Share
Now