मणिपुर के नोनी जिले में शुक्रवार को सुरक्षा बलों ने दो आतंकियों को मार गिराया।
मुठभेड़ में सेना के दो जवानों के साथ ही एक नागरिक भी घायल हुआ है। घटना खोंगांग पुलिस थाना क्षेत्र के रेंगपांग की है।
मिली जानकारी के मुताबिक नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नगालैंड-इसाक मुइवाह के सशस्त्र समूह ने गांव पर धावा बोला और तीन लोगों को अपहरण कर ले गए। आतंकियों को सुरक्षा बलों ने रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो आंतकी मारे गए।
हथियार तस्करी में नेता गिरफ्तार—
हिंसाग्रस्त मणिपुर में सशस्त्र समूहों को हथियार आपूर्ति करने के आरोप में एनएससीएन-आईएम के एक वरिष्ठ नेता को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़ितो के बयान दर्ज करने पहुंची मणिपुर पुलिस—
मणिपुर पुलिस शुक्रवार को उन दो महिलाओं के बयान लेने पहुंची, जिनसे भीड़ ने 4 मई को निर्वस्त्र परेड कराई थी।
पुलिस ने बताया कि महिलाओं के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए पुलिस की महिला अधिकारियों और कर्मियों की एक अलग टीम बनाई गई है।
बीते दिन शुक्रवार को टीम ने दोनों महिलाओं और उनके परिवारों से मुलाकात की और उनके बयान दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मामले में अब तक एक किशोर समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष रेखा शर्मा ने बीते दिन शुक्रवार को बताया कि एक-दो दिन के भीतर आयोग मणिपुर हिंसा में महिलाओं के खिलाफ हुए अपराधों के मामलों पर एक रिपोर्ट सौंपने जा रही है।