(रिपोर्ट- नेहाल अख्तर)
(Express news bharat)
(जिला संवाददता बलिया)
बलिया जनपद के रसड़ा क्षेत्र एवं आसपास के ग्रामीण इलाकों में लगातार खराब हो रही विद्युत व्यवस्था को लेकर क्षेत्रवासियों ने बुधवार को विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी (एसडीओ) को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। ज्ञापन में जर्जर तारों, पुराने ट्रांसफार्मरों, लो वोल्टेज तथा लगातार हो रही बिजली कटौती की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया।
क्षेत्रवासियों ने बताया कि आए दिन बिजली के तार टूटने और जर्जर लाइनों के कारण घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रहती है, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई स्थानों पर पुराने एवं क्षमता से अधिक भार झेल रहे ट्रांसफार्मर बार-बार खराब हो रहे हैं, जिसके चलते बिजली आपूर्ति प्रभावित रहती है।
ज्ञापन में कहा गया है कि लो वोल्टेज की समस्या इतनी गंभीर हो गई है कि घरों में पानी की मोटर तक सही ढंग से नहीं चल पा रही है, जिससे पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में अत्यधिक बिजली कटौती के कारण किसानों की सिंचाई, विद्यार्थियों की पढ़ाई और सामान्य जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने मांग की कि जर्जर ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदला जाए, टूटे एवं पुराने विद्युत तारों को नई लाइन से प्रतिस्थापित किया जाए, अनावश्यक बिजली कटौती पर रोक लगाई जाए तथा क्षेत्र में नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
ज्ञापन सौंपने वालों में समाजवादी पार्टी के युवजन सभा के नगर अध्यक्ष सूरज कुमार गुप्ता, सामाजिक कार्यकर्ता विश्वजीत जायसवाल, अमन सिंह,आदित्य, दीपक साहनी, दीपक कुमार, तन्मय गुप्ता, अल्ताफ आदि लोग उपस्थित रहे।







