संभल जामा मस्जिद सर्वे विवाद: मृतकों के परिजनों ने राहुल और प्रियंका गांधी से की मुलाकात
संभल के जामा मस्जिद सर्वे के दौरान हुई हिंसा में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों ने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान गांधी भाई-बहन ने परिजनों को हरसंभव मदद और न्याय का भरोसा दिलाया। बैठक लगभग 15 मिनट तक चली, जिसमें मृतकों के परिजनों ने अपनी व्यथा साझा की।
इस मुलाकात में सरायतरीन के बिलाल, हयातनगर के रोमान, कोटगर्वी के अयान, नईम और तुर्तीपुर इल्हा के कैफ के परिजन शामिल थे। बिलाल के भाई सलमान ने बताया कि वे मंगलवार सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए थे और दोपहर में राहुल गांधी के आवास पर पहुंचे। शाम चार बजे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सभी पीड़ित परिवारों से बातचीत की।
परिजनों के अनुसार, कांग्रेस के प्रदेश सचिव सचिन चौधरी और मुरादाबाद के पूर्व विधायक रिजवान कुरैशी ने मुलाकात कराने में अहम भूमिका निभाई। बैठक के दौरान राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने घटना की पूरी जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को मदद का भरोसा दिया।