अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रजापति कुंभकार महिला मंडल की बहनों द्वारा कोरबा C.S.E.P. चौकी में तैनात पुलिस जवानों एवं नगर सैनिक भाइयों के साथ रक्षाबंधन का पर्व आत्मीयता और सम्मान के साथ मनाया गया। महिला मंडल की बहनों ने देश एवं समाज की सुरक्षा में दिन-रात समर्पित होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने वाले जवानों की कलाई पर पवित्र राखी बांधकर उनके प्रति भाई-बहन के स्नेह, सम्मान और विश्वास का भाव प्रकट किया।
कार्यक्रम के दौरान बहनों ने पुलिस जवानों एवं नगर सैनिकों को राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर जवानों ने भी बहनों को सुरक्षा, सम्मान और सदैव सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम का वातावरण भाई-बहन के स्नेह और देश सेवा के सम्मान से भावुक एवं खुशनुमा बना रहा।
महिला मंडल की बहनों ने कहा कि पुलिस एवं नगर सैनिक अपने परिवार से दूर रहकर भी समाज और देश की सुरक्षा के लिए लगातार अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं। त्योहारों के अवसर पर भी वे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, ताकि आम नागरिक अपने परिवार के साथ सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण वातावरण में पर्व मना सकें। ऐसे कर्मठ जवानों की कलाई पर राखी बांधना उनके लिए गौरव और सम्मान की बात है।
इस अवसर पर श्रीमती उत्तरा कुंभकार, श्यामा प्रजापति, रीता प्रजापति, शशी प्रजापति, ग्रहण प्रजापति, दशरी प्रजापति, नंदनी प्रजापति, मनकी बाई, नंदनी बाई एवं भैरीबाई सहित प्रजापति कुंभकार महिला मंडल की बहनें उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के माध्यम से महिला मंडल ने समाज में भाईचारे, आपसी प्रेम, सद्भाव और राष्ट्र सेवा के प्रति सम्मान का संदेश दिया। रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस जवानों और महिला मंडल की बहनों के बीच स्नेह एवं सामाजिक जुड़ाव की सुंदर मिसाल बन गया।








