लॉकडाउन में परमप्रीत ने शुरू किया नया उद्यम, रच दिया इतिहास, देखे खबर…..

लॉकडाउन में मूल व्यवसाय में नुकसान देखते हुए उद्यमी परमप्रीत सिंह ने नया उद्यम शुरू किया और इसमें सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया। पटेलनगर इंडस्ट्रीयल एरिया स्थित एचके इंडस्ट्री के प्रबंध निदेशक परमप्रीत सिंह ने कोरोना संक्रमण काल को सकारात्मक रूप से लिया। उन्होंने ‘जागरण’ के साथ अपने अनुभव साझा किए। कहा कि इंडस्ट्रीयल एरिया में मेरा कैरी बैग बनाने का छोटा उद्योग है। कोरोना महामारी से पूर्व उद्योग सामान्य रूप से चल रहा था। स्थानीय बाजार से व्यापारिक प्रतिष्ठानों की डिमांड के अनुसार कैरी बैग की सप्लाई की जाती थी। कुल पांच कर्मचारी यहां काम कर रहे थे। एकाएक मार्च, 2020 में कोरोना संक्रमण की दर बढ़ने लगी। 

देहरादून में कोरोना का पहला मामला सामने आने के बाद चारों तरफ भय का माहौल बनने लगा। इसी बीच 22 मार्च, 2020 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक दिन का जनता कर्फ्यू लगाने की घोषणा की ओर उसके अगले दिन से ही उत्तराखंड में लॉकडाउन लग गया। लॉकडाउन के चलते उद्योग पर भी ताला लग गया। इस बीच मैंने सोचा कि जब व्यापारिक प्रतिष्ठान, मॉल, शॉपिंग काम्प्लेक्स बंद रहेंगे तो कैरी बैग कहां बिकेंगे।

मन में विचार आया कि अपने मूल व्यवसाय में नुकसान को देखते हुए मास्क का नया उद्यम क्यों न शुरू कर दिया जाए। करीब 20 दिनों तक उद्योग बंद रहने के बाद मैंने 13 अप्रैल, 2020 से थ्री प्लाइ फेस मास्क बनाना शुरू कर दिया। शुरुआत में डिमांड कम रही, लेकिन जल्द मांग बढ़ने लगी, जिसके बाद उत्पादन भी बढ़ा दिया गया। लॉकडाउन के कारण मास्क बनाने के लिए कच्चा माल आसानी से नहीं मिल पा रहा था तो मैंने अपने संपर्कों का इस्तेमाल कर कच्चे माल के सप्लायरों से संपर्क किया। धीरे-धीरे उत्पादन बढ़ने लगा।

जून महीने तक उद्योग से थ्री लेयर मास्क देहरादून के अलावा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा, मुंबई तक सप्लाई किए जाने लगे। कुछ सप्लायरों के माध्यम से मिडल ईस्ट देशों में भी हमारे मास्क सप्लाई हुए। एचके इंडस्ट्री के प्रबंध निदेशक परमप्रीत सिंह ने बताया कि पहले के मुकाबले उत्पादन में 25 से 30 फीसद की ग्रोथ हुई। 

Share
Now