विश्व साइकिल दिवस के उपलक्ष्य में बांका आज मतदाता जागरूकता अभियान के अंतर्गत तीन दिवसीय कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम की शुरुआत प्रभारी जिला पदाधिकारी सह उप विकास आयुक्त अंजनी कुमार एवं एडीएम अजीत कुमार ने संयुक्त रूप से साइकिल रैली को हरी झंडी दिखाकर की।
इस रैली का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों, विशेष रूप से युवाओं को आगामी विधानसभा चुनावों के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें अपने लोकतांत्रिक अधिकारों को सक्रिय रूप से प्रयोग करने के लिए प्रेरित करना था। रैली में जिला स्तरीय पदाधिकारी, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रैली की एक विशेष बात रही दिव्यांगजनों की भागीदारी, जिन्होंने बैटरी चालित ट्राइसाइकिल के माध्यम से रैली में सहभागिता की। उनका जोश और समर्पण सभी प्रतिभागियों के लिए प्रेरणास्रोत बना।
कार्यक्रम के दौरान “हर वोट के साथ एक पौधा लगाओ”, “स्वस्थ लोकतंत्र, हरा पर्यावरण”, “मैं वोट दूँगा, मैं पेड़ लगाऊँगा” एवं “Green Future, Stronger Democracy” जैसे प्रेरणादायक नारों के माध्यम से आमजन को मतदान के प्रति जागरूक किया गया। इन नारों ने न केवल पर्यावरण संरक्षण बल्कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संदेश भी दिया। मौके पर सामजिक सुरक्षा कोषांग के सहायक निदेशक अभय कुमार, बांका जिला दिव्यांग संघ के अध्यक्ष गोपाल नन्दन सिंह के अलावे अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।


