अब जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का बदलेगा नाम? DCM बोले लोगों की मांग पर बदला! विरोध भी शुरू….

दो दिनी आगरा दौरे पर लगभग एक घंटे देरी से पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने फतेहाबाद रोड पर मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अधिकारियों से दोनों रूटों की जानकारी ली।

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अब जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम मनकामेश्वर मंदिर होगा। इस संबंध में गुरुवार को उन्होंने मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण करते समय उठी इस मांग पर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। मेट्रो के अधिकारियों ने उन्हें प्रोजेक्ट की रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि सितंबर 2022 तक टीनों स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। 2023 में इनका उद्घाटन हो जाएगा।

दो दिनी आगरा दौरे पर लगभग एक घंटे देरी से पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने फतेहाबाद रोड पर मेट्रो प्रोजेक्ट का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने अधिकारियों से दोनों रूटों की जानकारी ली। उन्होंने मेट्रो प्रोजेक्ट के कार्य की गुणवत्ता को बेहतर रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रगति की जानकारी ली। इस पर मेट्रो के प्रोजेक्ट डायरेक्टर अरविंद राय ने उन्हें पूरी रिपोर्ट सौंपते हुए बताया कि तीन एलिवेटेड स्टेशन का 80 प्रतिशत सिविल का काम पूर्ण हो गया है। इसी साल सितंबर तक तीनों स्टेशन बनकर तैयार हो जाएंगे। इन तीनों स्टेशनों का वर्ष 2023 में उद्घाटन हो सकता है। राय ने बताया कि जुलाई 2024 तक मेट्रो का ट्रायल करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पूर्व राज्यमंत्री ने रखी थी मांग

पूर्व राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश मेट्रो प्रोजेक्ट के निरीक्षण के दौरान मौके पर मौजूद थे। उन्होंने उपमुख्यमंत्री के सामने मांग रखी कि जामा मस्जिद भूमि‌गत मेट्रो स्टेशन का नाम मनकामेश्वर मंदिर स्टेशन होना चाहिए। इस पर उपमुख्यमंत्री ने तत्काल जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदल कर मनकामेश्वर मंदिर करने का मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दे दिए। मेट्रो के अधिकारियों ने भी कहा कि शासन को जो निर्देश होगा, उसका पालन होगा। धर्मेश के इस सुझाव का केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्यमंत्री एसपी सिंह बघेल सहित सभी जनप्रतिनिधियों ने समर्थन किया।

प्रोजेक्ट मैनेजर मेट्रो अरविंद कुमार राय ने बताया, सरकार की ओर से जो निर्देश प्राप्त होंगे, उसके अनुसार जामा मस्जिद भूमिगत मेट्रो रेल स्टेशन का नाम परिवर्तन किया जाएगा।

अखिलेश नहीं भुला पा रहे हार की बौखलाहट

उपमुख्यमंत्री ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर ललितपुर कांड पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें कहीं भी जाने का अधिकार है। वह किसी भी मामले को तूल भी दे सकते हैं, लेकिन उनकी हार की बौखलाहट साफ नजर आ रही है। उनके द्वारा घटिया स्तर की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा इस कांड में दोषियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है। पूरे पुलिस थाने को निलंबित किया जा चुका है। बता दें कि ललितपुर में दुष्कर्म पीड़िता नाबालिग से पुलिस थानाध्यक्ष पर बलात्कार का आरोप है। अखिलेश पीड़ित परिवार के घर मिलने गए थे। उसी को लेकर उपमुख्यमंत्री ने उनके ऊपर तंज कसा।

नाम बदलने की बात का विरोध शुरू

जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन की बात जैसे ही सामने आई, वैसे ही उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत की एक तत्काल बैठक बुलाई गई। बैठक में इसका विरोध किया गया। महापंचायत के सरपंच नदीम नूर ने कहा सरकारी अभिलेखों के अनुसार जामा मस्जिद एक ऐतिहासिक पुरानी धरोहर है। जिसमें देश विदेश के पर्यटक भी भ्रमण करने आते हैं, लेकिन आज के दौर की राजनीतिक द्वेष भावना के चलते जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन का नाम बदलकर मनकामेश्वर किए जाना देश की ऐतिहासिक धरोहर और उससे जुड़े हुए आस्थाओं के ऊपर हमला है। जिसको उत्तर प्रदेश मुस्लिम महापंचायत किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। वहीं अमजद कुरैशी ने कहा कि जामा मस्जिद का इतिहास मनकामेश्वर से भी पुराना है। इसलिए मेट्रो स्टेशन का नाम बदलना ना काबिले बर्दाश्त है अगर इसी तरह सरकार के नुमाइंदे अपनी जिम्मेदारियों से भाग कर चीजों का नाम बदलने में विश्वास रखते हैं तो सबसे पहले भारत देश का नाम बदल देना चाहिए। इस संबंध में तय किया गया कि जल्द ही एक प्रतिनिधिमंडल जिलाधिकारी और मेट्रो प्रोजक्ट के जीएम से मिलकर अपनी बात रखेगा। बात नहीं मानी गई तो आंदोलन होगा। छावनी के विधायक का घेराव भी होगा।

पर्यटन नीति 2018 लागू हो

एमएलसी विजय शिवहरे ने आगरा-फिरोजाबाद क्षेत्र के पर्यटन विकास के लिए उपमुख्यमंत्री को प्रतिवेदन दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन नीति 2018 लागू हो। कोरोना काल में होटल उद्योग पूरी तरह से बर्बाद हो गया। इसलिए होटलों के टैक्सों को माफ किया जाए। उन्होंने दोनों जनपदों में हर ब्लॉक पर मिनी स्टेडियम और प्रतीक्षालय बनाए जाने की भी बात रखी। प्रत्येक गांव में ओवर हेड टंकियों का भी निर्माण कराए जाने की मांग रखी। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म स्थली बटेश्वर का भी सर्वांगींण विकास जरूरी है।

Share
Now