अब श्रीकांत त्यागी के समर्थन में गाजियाबाद में सड़क पर हुई महापंचायत! सरकार को चेतावनी……

नोएडा के फरार गालीबाज नेता श्रीकांत त्यागी को अब अपने समाज का साथ मिलने लगा है। श्रीकांत त्यागी के समर्थन में सोमवार को त्यागी समाज द्वारा गाजियाबाद में महापंचायत की गई। दरअसल, गोविंदपुरम के प्रीतम फार्म हाउस में महापंचायत के आयोजन के लिए फेसबुक पर पोस्ट डाली गई थी।

इसकी जानकारी मिलते ही पुलिस ने फार्म हाउस पर घेराबंदी कर मैनेजर को हिरासत में ले लिया। फार्म हाउस में महापंचायत की अनुमति न मिलने पर त्यागी समाज के लोगों ने फार्म हाउस के पास सड़क पर ही पंचायत की। त्यागी समाज ने श्रीकांत त्यागी के उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

इस पंचायत का आयोजन अश्वनी त्यागी गाजियाबाद बिल्डर एसोसिएशन के अध्यक्ष ने किया था, जिसको लेकर फेसबुक पर प्रचार भी किया गया था।

उन्होंने कहा कि श्रीकांत त्यागी ने जो अपराध किया, उसके मुताबिक कार्रवाई की जाए, लेकिन पुलिस श्रीकांत त्यागी के परिवार और रिश्तेदारों को प्रताड़ित कर रही है। त्यागी समाज थोड़ी देर में एसएसपी को ज्ञापन सौंपेगा।

बता दें कि, श्रीकांत त्यागी द्वारा बीते दिनों नोएडा के सेक्टर-93 बी में स्थित ग्रैंड ओमैक्स सोसाइटी में महिला से बदसलूकी करने का मामला सामने आया था। इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए थे, जिनमें से एक में त्यागी महिला के खिलाफ कथित तौर पर गंदी-गंदी गालियां देने के साथ अपशब्दों का इस्तेमाल करते और हाथापाई करते दिख रहा था। त्यागी ने महिला के पति के लिए भी कथित तौर पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए अपमानजनक टिप्पणी की थी।

महिला के साथ बदसलूकी का वीडियो वायरल होने के बाद से ही श्रीकांत त्यागी फरार है। पुलिस द्वारा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा चुकी है और पुलिस की 8 टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।

कथित तौर पर खुद को भाजपा नेता बताने वाले श्रीकांत त्यागी का वीडियो वायरल होने के बाद भाजपा ने उससे पल्ला झाड़ लिया था। स्थानीय भाजपा सांसद डॉ. महेश शर्मा ने शनिवार को त्यागी के भाजपा सदस्य होने से इनकार किया था। उन्होंने कहा था कि आरोपी पर कड़ी कार्रवाई होगी और 48 घंटे के अंदर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

वहीं, नोएडा पुलिस ने आरोपी श्रीकांत त्यागी की गिरफ्तारी में मदद करने वाले व्यक्ति को 25,000 रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। नोएडा पुलिस की आठ टीमें आरोपी की तलाश में जुटीं हैं

Share
Now