झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट
झालावाड़/ बारां। सांसद दुष्यंत सिंह ने मंगलवार को संसद भवन में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाक़ात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में ट्रेनों के ठहराव, विस्तार एवं नई ट्रेनों के संचालन के विषय रखे। उन्होंने रेल मंत्री को 16 सूत्रीय ज्ञापन भी दिया।
क्षेत्रीय रेलवे सलाहकार समिति के सदस्य धीरज गुप्ता ने बताया कि सांसद ने भवानीमंडी, चौमहला, बारां, अटरू, सालपुरा, छबड़ा व चौकी मोतीपुरा में लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की माँग उठाई। उन्होंने चौमहला में गांधीधाम- श्रीमाता वैष्णोदेवी कटरा व डॉ अम्बेडकर नगर- नई दिल्ली सुपरफास्ट, भवानीमंडी में पश्चिम एक्सप्रेस सहित नई दिल्ली-इंदौर, गांधीधाम-हावड़ा, बांद्रा टर्मिनस-हाजीपुर सहित अन्य ट्रेनों के ठहराव की माँग उठाई। उन्होंने श्रीगंगानगर-झालावाड़ एक्सप्रेस को अकलेरा तक बढ़ाने, कोटा से खिलचीपुर एवं बीना तक नई ट्रेनें संचालित करने एवं बारां को सीधे दिल्ली से जोड़ने की माँग भी उठाई। सांसद सिंह ने बारां, बीना, रुठियाई एवं झालावाड़ में पिट लाइनों के निर्माण की माँग उठाई, ताकि लोकसभा क्षेत्र में नई ट्रेनों के संचालन में सुविधा मिल सके। उन्होंने बारां में हमसफ़र एक्सप्रेस सहित अटरु में इंटरसिटी, संपूर्ण में दयोदय, छबड़ा में लालगढ़-पूरी एवं दुर्ग- अजमेर ट्रेनों के ठहराव शुरू करने का सुझाव दिया। उन्होंने अटरू में रेलवे फाटक संख्या 55 पर अंडरपास बनाने की मांग भी रखी है।
रेल मंत्री ने सभी मांगों का परीक्षण करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।







