भारत में कोरोना मामले 15 लाख के पार-9 लाख से ज्यादा लोगों ने जीती कोरोना से जंग…

  • 146 दिन में 5 लाख केस आए,
  • बाकी 10 लाख केस केवल 32 दिनों में
  • इनमें 15 लाख से ज्यादा की रिपोर्ट पॉजिटिव आई
  • भारत दुनिया का अब 6वां देश जहां संक्रमण के चलते सबसे ज्यादा जानें गईं

नई दिल्लीः भारत में वैश्विक महामारी कोरोना वायरस (कोविड-19) का प्रकोप निरंतर बढ़ता जा रहा है और अब तक तैंतीस हजार आठ सौ से अधिक लोगों की इसके कारण मौत हो चुकी है तथा इससे संक्रमित कुल मरीजों की संख्या बढ़कर पंद्रह लाख से ज्यादा हो गई है। इनमें से 70 प्रतिशत संक्रमण के मामले महाराष्ट्र, तमिलनाडु, दिल्ली और गुजरात से हैं।

पिछले कुछ दिनों से लगातार प्रतिदिन 40,000 से ऊपर मामले सामने आ रहे हैं। कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या 15 लाख के पार पहुंच गई है। देश में मंगलवार शाम तक करीब 32 हजार नए मामले सामने आए हैं, जिससे कोरोना संक्रमित लोगों की संख्या 15,14,058 हो गई है। इनमें 5,10,469 एक्टिव केस हैं। वहीं, अब तक देश में 9,69,336 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। 376 नई मौतों के साथ मरने वालों की संख्या 34 हजार के करीब पहुंच गई है।

146 दिन में 5 लाख केस आए, बाकी 10 लाख केस केवल 32 दिनों में
संक्रमण का पहला मामला 30 जनवरी को सामने आया था। इसके बाद एक से पांच लाख केस होने में 146 दिन लगे थे लेकिन 5 से 15 लाख केस यानी बाकी 10 लाख संक्रमण के मामले होने में महज 32 दिन लगे।

अब हर दिन करीब 50 हजार नए केस बढ़ रहे
देश में 30 जनवरी को कोरोना का पहला मामला सामने आया था। इसके 110 दिन बाद यानी 10 मई को यह संख्या बढ़कर एक लाख हुई। फिर संक्रमण की रफ्तार में इतनी तेजी आई कि महज 15 दिनों में ही आंकड़ा 2 लाख के पार हो गया।

इसके बाद संक्रमितों की संख्या 2 से बढ़कर 3 लाख होने में महज 10 दिन लगे। 3 से 4 लाख मामले होने में 8 दिन और 4 से 5 लाख मामले होने में केवल 6 दिन लगे। केस बढ़ने की यह रफ्तार लगातार तेज हो रही है।

5 से 6 लाख और 6 से 7 लाख मामले होने में केवल 5-5 दिन लगे। इस बार 7 से 8 लाख मामले होने में केवल 4 दिन लगे। इसके बाद हर तीन दिन में एक लाख नए केस बढ़े और महज 12 दिनों में संक्रमितों की संख्या 8 लाख से 12 लाख तक पहुंच गई। अब 12 लाख से 13 लाख, फिर 13 से 14 लाख और अब 14 से 15 लाख केस होने में केवल 2-2 दिन लगे। हर दिन अमेरिका के बाद सबसे ज्यादा भारत में ही संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं

Share
Now