Home / News / मोहिनी एकादशी और श्याम मंदिर में भव्य संकीर्तन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

मोहिनी एकादशी और श्याम मंदिर में भव्य संकीर्तन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

कोरबा से शिवम अग्रवाल की रिपोर्ट
मोहिनी एकादशी और श्याम मंदिर में भव्य संकीर्तन, भजनों पर झूमे श्रद्धालु
कोरबा//मोहिनी एकादशी के पावन अवसर पर कोरबा के मिशन रोड स्थित श्री श्याम मंदिर में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। इस शुभ अवसर पर भव्य संकीर्तन का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण रहे नागपुर से पधारे प्रसिद्ध भजन गायक हर्ष शर्मा, जिन्होंने अपने सुमधुर भजनों से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे। “श्याम तेरी बंसी पुकारे राधा नाम” और “हारे के सहारे” जैसे भजनों पर भक्त देर रात तक झूमते, नाचते और गाते नजर आए। पूरा मंदिर परिसर “श्याम बाबा” के जयकारों से गूंज उठा।
मंदिर को विशेष रूप से फूलों और आकर्षक रोशनी से सजाया गया था, जिसने माहौल को और भी दिव्य बना दिया। बाबा श्याम का भव्य और अलौकिक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहा। इसके साथ ही छप्पन भोग का आयोजन भी किया गया, जिसमें विभिन्न प्रकार के व्यंजन अर्पित किए गए।
श्रद्धालुओं के लिए “श्याम रसोई” की भी व्यवस्था की गई, जहां प्रसाद के रूप में स्वादिष्ट भोजन वितरित किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
कार्यक्रम देर रात तक चलता रहा और अंत में आरती के साथ समापन हुआ। इस आयोजन ने न केवल धार्मिक आस्था को मजबूत किया, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक भक्ति का भी सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।

Tagged:
[post-views]
Share
Now