सोनीपत में नमाज अदा कर रहे हैं लोगों पर उपद्रवियों ने किया हमला मारपीट !मस्जिद में तोड़फोड़ ! पुलिस कमिश्नर…..

हरियाणा में सोनीपत के गांव सांदल कलां में रात को नमाज पढ़ने के दौरान हिंसा हो गई। डंडे, तलवार व चाकू लेकर पहुंचे करीब 25 युवकों ने मस्जिद में नमाज पढ़ रहे मुस्लिमों पर हमला बोल दिया। उनकी जमकर पिटाई की। जिसमें करीब 10 मुस्लिम घायल हुए हैं। उन्हें सोनीपत और खानपुर मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस कमिश्नर सतीश बालन सुबह गांव पहुंचे और हालात का जायजा लिया। 10 को नामजद कर कइयों पर केस दर्ज हुआ है। कुछ को हिरासत में लिया गया है।

घायलों का आरोप है कि हमलावरों ने बच्चों और महिलाओं को भी नहीं बख्शा। उनके साथ भी मारपीट की गई। हमलावर उनके नमाज पढ़ने से गुस्से में थे। इस झड़प के बाद इलाके में माहौल तनावपूर्ण हो गया। इसका पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। लोगों से शांति की अपील कर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

कोई झगड़ा नहीं, नमाज पढ़ने की खुन्नस निकाली
सलीम खान ने बताया कि हम नमाज पढ़ रहे थे। तभी 20-25 लड़के आए। जिनमें एक को बिट्‌टा कह रहे थे। हमारा उनसे कोई झगड़ा नहीं है। उनकी खुन्नस थी कि हम नमाज क्यों पढ़ रहे हैं।

नमाज पढ़ते वक्त डंडे मारे
मुहम्मद सलीम ने कहा कि रात 9 बजे नमाज पढ़ रहे थे। तभी हमला हुआ। हमें नहीं पता कि क्यों मारपीट की। उन्होंने हमें डंडे मारे। उन्होंने चाकू और हॉकी भी ला रखे थे। बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा चोटें लगी हैं।

हमें गालियां दे रहे थे
तोशीना ने बताया कि वह हमें गाली दे रहे थे। नमाज पढ़ने से रोक रहे थे। रजिया ने बताया कि गांव में एक कमरे जितनी मस्जिद है। जहां पुरुष नमाज पढ़ रहे थे। इसी दौरान हमला किया गया। इस घटना में करीब 10-15 लोगों को चोटें आई हैं।

पुलिस कमिश्नर पहुंचे गांव

गांव सांदल कलां में मस्जिद में नमाज अदा करने मामले में पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन सोमवार सुबह गांव में पहुंचे। उन्होंने हालात का जायजा लिया और पीड़ित परिवारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित असुरक्षित महसूस करेंगे, गांव में पुलिस तैनात रहेगी।

सतीश बालन ने कहा कि गांव के कुछ असामाजिक तत्वों ने रात को मस्जिद में घुसकर नमाज पढ़ने वाले लोगों पर हमला किया है। आपस मे कोई मन मुटाव या तनाव भी नहीं था। पुलिस ने 16 युवकों को राउंडअप किया है, पूछताछ की जा रही है। बिना किसी बात को लेकर कहीं भी धर्म स्थल पर घुसकर इस प्रकार की घटना होगी तो सख्त कार्रवाई होगी।

Share
Now