पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस के अंदर चल रही खींचतान के बीच बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। टीएमसी विधायक कासिम सिद्दीकी बागी गुट का साथ छोड़कर ममता बनर्जी के खेमे में वापस लौट आए हैं।
ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद कासिम सिद्दीकी ने दावा किया कि बागी गुट में मौजूद कई विधायक भी अब वापस ममता के साथ आना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि धीरे-धीरे उन विधायकों को बागी गुट की वास्तविक स्थिति का पता चल रहा है और वे ज्यादा समय तक वहां नहीं रहेंगे।
कासिम सिद्दीकी कुछ समय पहले ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले बागी गुट में शामिल हुए थे। अब उन्होंने वहां से अलग होकर ममता बनर्जी के साथ रहने का ऐलान किया है। हालांकि, उन्होंने उन विधायकों के नाम नहीं बताए, जिनके वापस लौटने का दावा किया है।
कासिम की वापसी के बाद टीएमसी के अंदर चल रही सियासी उठापटक और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं। अब नजर इस बात पर है कि क्या बागी गुट के दूसरे विधायक भी ममता बनर्जी के खेमे में वापसी करते हैं।





