दिल्ली कस्टम के एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। दोहा से आई कोकेन की खेप को चॉकलेट के पैकेट में छिपाकर दिल्ली लाने वाले तस्कर को एयरपोर्ट पर ही गिरफ्तार किया गया। आरोपी ग्रीन चैनल से बाहर निकलने ही वाला था, तभी कस्टम टीम ने उसे दबोच लिया।
साढ़े पांच किलो कोकेन बरामद
जांच में पता चला कि आरोपी के हैंडबैग में रखे 8 सुनहरे चॉकलेट पैकेटों में लगभग साढ़े पांच किलो सफेद कोकेन छिपा हुआ था। अधिकारियों ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 82 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
दिल्ली में अब तक की सबसे बड़ी कोकेन खेप
यह अब तक दिल्ली एयरपोर्ट पर पकड़ी गई सबसे बड़ी कोकेन खेप मानी जा रही है। इससे पहले, कुछ समय पहले 6 किलो ग्रेड ए कोकेन बरामद की गई थी। वहीं, 2022 में मुंद्रा पोर्ट पर 56 किलो कोकेन और 2021 में तमिलनाडु के तूतीकोरिन पोर्ट पर 300 किलो कोकेन बरामद की गई थी।
कस्टम अधिकारियों ने कहा कि ऐसे मामले साबित करते हैं कि ड्रग तस्करी की हर कोशिश पर कड़ी नजर रखी जा रही है। विशेष टीम लगातार सक्रिय है, ताकि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क को पकड़ा जा सके और देश में ड्रग्स की तस्करी पर लगाम लगाई जा सके।
रिपोर्ट : बाशु कुमार






