Home / Events / बाराहाट में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते दो उपभोक्ता पकड़े गए

बाराहाट में बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई, मीटर बाईपास कर बिजली चोरी करते दो उपभोक्ता पकड़े गए

बाराहाट (बांका): बिजली चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बाराहाट विद्युत आपूर्ति प्रशाखा की टीम ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए दो उपभोक्ताओं को मीटर बाईपास कर अवैध रूप से बिजली उपयोग करते रंगे हाथों पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर करीब 96 हजार रुपये की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गुप्त सूचना पर हुई छापेमारी
कनीय विद्युत अभियंता (JE) रवि शंकर शर्मा के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने ग्राम बाराहाट एवं धर्मडीहा में औचक निरीक्षण किया। टीम में प्रमोद कुमार राम, बिनोद कुमार चौधरी, तुलसी कुमार मंडल और बिनय कुमार चौधरी शामिल थे।
जांच के दौरान बाराहाट के सोनडीहा दक्षिणी निवासी उपेंद्र ठाकुर को मीटर दरकिनार कर टोक फंसाकर बिजली का अवैध उपयोग करते पाया गया। इस कारण विभाग को लगभग ₹53,503 की राजस्व क्षति हुई है।
वहीं धर्मडीहा निवासी संजय कुमार पंडित के यहां भी मीटर बाईपास कर बिजली चोरी का मामला सामने आया, जिससे विभाग को ₹42,679 का अतिरिक्त नुकसान हुआ।
96 हजार से अधिक की वसूली प्रक्रिया शुरू
दोनों मामलों को मिलाकर कुल ₹96,182 की वसूली की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग की ओर से दोनों आरोपियों के विरुद्ध भारतीय विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 135 के तहत स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।
थाना अध्यक्ष अशोक कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
आगे भी जारी रहेगा अभियान
कनीय विद्युत अभियंता रवि शंकर शर्मा ने कहा कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है और विभाग का विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि राजस्व हानि रोकी जा सके और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा मिल सके। मनोरंजन प्रसाद, ब्यूरो चीफ, बांका।

[post-views]
Share
Now