कटड़ा में हो रही भारी बारिश ने मंगलवार को माता श्री वैष्णो देवी यात्रा मार्ग पर बड़ा हादसा कर दिया। अर्धकुंवारी स्थित इंद्रप्रस्थ भोजनालय के पास भूस्खलन की चपेट में आने से 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि कुछ लोग मलबे में दबे भी हो सकते हैं।
घटना की जानकारी श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने भी अपने एक्स अकाउंट पर साझा की है। हादसे के बाद प्रशासन ने तुरंत राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है। रियासी पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमें अलर्ट मोड पर तैनात हैं।
भूस्खलन दोपहर 3 बजे हुआ
अधिकारियों के अनुसार, यह भूस्खलन मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे हुआ था। यह स्थान त्रिकुटा पहाड़ी पर स्थित माता वैष्णो देवी मंदिर तक जाने वाले 12 किलोमीटर लंबे मार्ग के लगभग आधे हिस्से में पड़ता है। हादसे के बाद पूरे रास्ते पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यात्रा तत्काल प्रभाव से रोक दी गई।
हिमकोटी ट्रेक मार्ग पहले ही बंद था
लगातार हो रही मूसलाधार बारिश को देखते हुए हिमकोटी ट्रेक मार्ग पर यात्रा सुबह से ही स्थगित कर दी गई थी। हालांकि पुराने मार्ग पर यात्रा दोपहर 1:30 बजे तक जारी रही। इसके बाद अधिकारियों ने हालात को देखते हुए इस मार्ग को भी अगले आदेश तक बंद करने का फैसला लिया।
राहत-बचाव कार्य जारी
एनडीआरएफ और पुलिस की टीमें मलबे को हटाने और फंसे हुए श्रद्धालुओं को निकालने में जुटी हैं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।






