केजरीवाल के सोशल मीडिया प्रभारी अब कांग्रेस के लिए बनाएंगे रणनीति…

आम आदमी पार्टी (AAP) के पूर्व सोशल मीडिया प्रमुख अंकित लाल को कांग्रेस ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिए अपनी प्रचार रणनीति टीम का हिस्सा बनाने के लिए नियुक्त किया है। लाल ने 2012 से लकेर 2020 के बीच आठ साल तक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP के लिए सोशल मीडिया को संभाला।

उन्होंने 2013, 2015 और दिल्ली में 2020 के विधानसभा चुनावों के लिए AAP के लिए सफल सोशल मीडिया अभियान चलाया। पिछले दो विधानसभा चुनावों में AAP की शानदार जीत हुई, जबकि पहले में पार्टी कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाने में सफल रही। हालांकि केजरीवाल ने सत्ता में रहने के 49 दिनों के बाद इस्तीफा दे दिया।

इंजीनियर से सोशल मीडिया मैनेजर बने अंकित लाल ने 2020 के विधानसभा चुनावों के बाद AAP में अपनी भूमिका छोड़ दी और राजनीतिक कंसल्टेंसी देने का काम शुरू किया।

हालांकि अंकित लाल ने इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, लेकिन कांग्रेस के वरिष्ठ सदस्यों ने पुष्टि की कि उन्हें इस काम के लिए साथ लाया जा रहा है। लाल ने कहा, “जब तक यह पार्टी के मीडिया विभाग के माध्यम से नहीं आता है, तब तक मैं उस पर टिप्पणी नहीं करना चाहता।”

कांग्रेस के सोशल मीडिया विभाग के प्रमुख रोहन गुप्ता ने कहा कि वर्तमान में पार्टी के भीतर के लोग सोशल मीडिया अभियान को नियंत्रित कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “हमारी सोशल मीडिया पहुंच पहले ही उत्तराखंड में भाजपा और आप से आगे निकल चुकी है। हाल ही में हमने पार्टी चुनाव घोषणापत्र के लिए विचारों को क्राउडसोर्स करने के लिए उत्तराखंड की आवाज अभियान शुरू किया। हम सभी प्रस्तावित उम्मीदवारों के लिए व्हाट्सएप ग्रुप भी बना रहे हैं और इन समूहों के माध्यम से प्रत्येक निर्वाचन क्षेत्र के लोगों तक पहुंच बना रहे हैं।”

Share
Now