Home / Events / राज्य में झालावाड़ जिला एनक्यूएएस में प्रथम स्थान पर, 3 दिवसीय सर्विस प्रदाता प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन

राज्य में झालावाड़ जिला एनक्यूएएस में प्रथम स्थान पर, 3 दिवसीय सर्विस प्रदाता प्रशिक्षण एवं सम्मान समारोह का आयोजन

झालावाड़ से ब्यूरो चीफ आसिफ शेरवानी की रिपोर्ट

झालावाड़।
जिले के लिए यह अत्यंत गर्व का विषय है कि राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक कार्यक्रम (NQAS) के अंतर्गत निर्धारित सभी लक्ष्यों को प्राप्त करते हुए झालावाड़ जिले ने राज्य में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के पालन के कारण जिले ने राज्य स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है।
स्वास्थ्य विभाग के लिए एक और गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत जिले की 73 चिकित्सा संस्थाओं को राज्य स्तर से कायाकल्प अवॉर्ड प्राप्त हुआ। इनमें 3 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC), 21 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) तथा 49 उप स्वास्थ्य केंद्र (Sub Centre) शामिल हैं। इन चयनित संस्थाओं को जिला स्तरीय क्वालिटी एश्योरेंस एवं कायाकल्प सम्मान समारोह में सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAS) के अंतर्गत राष्ट्रीय स्तर से चयनित 31 चिकित्सा संस्थाओं को भी सम्मानित किया गया। इनमें 5 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तथा 26 उप स्वास्थ्य केंद्र शामिल हैं, जिन्हें उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं एवं उच्च गुणवत्ता मानकों के पालन के लिए NQAS प्रमाणन से सम्मानित किया गया।
इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में आयोजित विशेष NQAS अवार्ड समारोह में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. साजिद खान ने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान अस्पताल की पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान करने की प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने बताया कि NQAS प्रमाणन भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा स्वास्थ्य संस्थानों में गुणवत्ता, सुरक्षा एवं मरीज-केंद्रित सेवाओं को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
इस अवसर पर उप मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं NQAS नोडल अधिकारी डॉ. अरविन्द नागर ने बताया कि इस मानक के अंतर्गत अस्पतालों का मूल्यांकन सेवा गुणवत्ता, मरीज अधिकार, संक्रमण नियंत्रण, क्लिनिकल सेवाएँ, प्रबंधन तथा अन्य महत्वपूर्ण मानकों के आधार पर किया जाता है। चयनित संस्थाओं को राष्ट्रीय प्रमाणन के पश्चात प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है, जिससे चिकित्सा संस्थानों में आवश्यक सेवाओं का और अधिक सुदृढ़ीकरण किया जाता है।
कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय 3 दिवसीय सर्विस प्रदाता प्रशिक्षण (Service Provider Training) का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिले से 90 प्रशिक्षणार्थियों ने भाग लिया। प्रशिक्षण राज्य स्तरीय प्रशिक्षक मोहम्मद इरशाद मिर्जा एवं ब्रह्मदेव गौतम द्वारा प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम की रूपरेखा, गुणवत्ता सुधार के विभिन्न पहलुओं तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के उपायों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
NQAS प्रमाणन से आम जनता का सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों के प्रति विश्वास और अधिक सुदृढ़ होगा तथा स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित होगा।
इस अवसर पर चिकित्सा अधिकारियों, नर्सिंग ऑफिसर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों, महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को सम्मानित किया गया तथा सभी ने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक बेहतर बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला शिशु प्रजनन एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मुकेश नागर, प्रमुख चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुधानंद, डीपीएम प्रभु लाल लोधा तथा जिला क्वालिटी सेल की डॉ. मनीषा मीणा, महेश पारेता, हरीश नागर सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
अंत में सभी स्वास्थ्यकर्मियों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी गई तथा भविष्य में भी उत्कृष्ट सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रेरित किया गया।

Tagged:
[post-views]
Share
Now