एशियाई खेलों के इतिहास भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन। पहली बार जीते 70 से ज्यादा पदक………

चीन में 2023 एशियाई खेलों में भारत का शानदार प्रदर्शन जारी है।

11वें दिन की सुबह भारत की झोली में दो पदक आए। पहला पदक 35 किलोमीटर दौड़ में था और दूसरा पदक तीरंदाजी में था। वही शुरुआती 10 दिन में 69 पदक हासिल करने वाले भारत ने 11वें दिन 71 का जादुई आंकड़ा छुआ और पुराने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

बता दें एशियाई खेलों के इतिहास में यह भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले कभी भी भारत ने एशियाई खेल में 71 पदक नहीं जीते थे। ज्योति सुरेखा और ओजस देवतले की जोड़ी ने मिश्रित तीरंदाजी प्रतिस्पर्धा में स्वर्ण पदक हासिल कर भारत को 71वां पदक दिलाया।

जानकारी के लिए बता दें 1990 में ऐसा मौका भी आया, जब पदक तालिका में भारत शीर्ष 10 में भी नहीं था। इस साल भी भारत के पास सिर्फ 23 पदक थे। इसमें सिर्फ एक स्वर्ण पदक था।

1998 से भारत के प्रदर्शन में सुधार आया और 2006 में पहली बार भारत ने घर से बाहर 50 से ज्यादा पदक जीते। इसके बाद से भारत लगातार 50 से ज्यादा पदक जीतता आया है। 2010 में भारत ने 65 पदक जीते और सबसे ज्यादा पदकों का नया कीर्तिमान हासिल किया। 2018 में भारत ने इसे बेहतर किया और 70 पदक जीते।

और अब 2023 में भारत ने 71 से ज्यादा पदक हासिल कर लिए हैं और कई अन्य प्रतियोगिताओं में खिलाड़ी फाइनल में पहुंचकर पदक पक्का कर चुके हैं। भारतीय एथलीट इस बार 100 पार का नारा लेकर हांगझोऊ रवाना हुए थे। ऐसे में सभी को इस साल भारत की झोली में 100 पदकों की उम्मीद है।

Share
Now