एक बार फिर इंसानियत हुई शर्मशार, केरल में हुआ ये घिनौना काम…

भारत में नारी सशक्तिकरण को लेकर सरकार बहुत बड़े बड़े दावे करती है। लेकिन आज तक रेप और महिलाओ के साथ हो रहे अपराधों में कमी नहीं आयी। एक बार फिर दिल दहलाने वाला मामला सामने आया है जहा केरल के कोच्चि में इस साल मार्च महीने से लेकर अब तक कई बार छह लोगों ने एक 14 साल की नाबालिग लड़की के साथ कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया, जिनमें से तीन आरोपिओ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रवासी मजदूर हैं। दुष्कर्म पीड़िता दो महीने के गर्भ से है।

पुलिस के अनुसार, मामले में गिरफ्तार तीन लोग उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले हैं। अपराध को अंजाम देने के बाद राज्य छोड़कर चले जाने वाले अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार लोगों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
मामले की जांच कर रहे कोच्चि के उपायुक्त जी पूंगुझाली ने बताया कि आरोपियों पर आईपीसी की विभिन्न धाराओं सहित धारा 376 (दुष्कर्म के लिए सजा) और पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मंजुमेल में लड़की के पड़ोस में रहने के दौरान उससे संपर्क बढ़ाते हुए उसके साथ दोस्ती की। उन्होंने बताया कि बाद में आरोपियों ने उसका शोषण करना शुरू कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने मार्च और अगस्त के बीच विभिन्न स्थानों पर उसका यौन शोषण किया। लड़की की मां की मौत हो चुकी है, जबकि उसके पिता दिल्ली में काम करते हैं। पीड़िता अपने बुजुर्ग दादा-दादी के साथ रहती है।
आरोपियों ने इसी बात का फायदा उठाते हुए उसके साथ दुष्कर्म किया। हाल ही में एक अस्पताल के डॉक्टरों को काउंसलिंग के दौरान लड़की ने पूरी बात बताई, जिसके बाद यह मामला सामने आया।

इस बीच कलमासरी के विधायक वीके इब्राहिम कुन्जू ने मंगलवार को डीजीपी लोकनाथ बहेरा को पत्र लिखकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। भारतीय महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने अपराध में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को मंजुमेल में विरोध प्रदर्शन किया।

Share
Now