रिपोर्ट :- चंद्रकिशोर पासवान
बखरी (बेगूसराय ) l क्षेत्र की सांस्कृतिक संस्था श्री कृष्ण गौशाला बखरी का 80 वां वार्षिकोत्सव सह दो दिवसीय गोपाष्टमी मेला शनिवार को आरंभ हुआ। इसका उद्घाटन करते हुए पदेन अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी सन्नी कुमार सौरव ने कहा कि बखरी गौशाला क्षेत्र की एक अमूल्य धरोहर है। इसे सहेजने के लिए समाज के तमाम लोगों को आगे आना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि बखरी का नाम बिहार के चंद उत्कृष्ट गौशालाओ में शामिल है जो गौरव की बात है। गौशाला तथा गौ संवर्धन के लिए सरकार भी लगातार प्रयास कर रही है।मेला में भव्य दंगल का आयोजन हुआ। दंगल में बिहार तथा झारखंड के कई मशहूर पुरुष व महिला पहलवानों ने शिरकत किया। हजारों लोगों की मौजूदगी में कई रोचक मुकाबले हुए। टीकापुर के पहलवान छबीला यादव ने सहरसा के शिवजी यादव को, मधुबनी के वसीम ने सिमरी बख्तियारपुर के तौकीब को, बेगूसराय की जूही ने झारखंड की प्रियंका, अलौली के रामउदगार पहलवान ने रोसरा के शाबीर को तथा बेगूसराय के सौरव कुमार ने सिसौनी के मंटुन सदा को परास्त किया। निर्णायक की भूमिका में कुश्ती संघ के संयोजक दिलीप केशरी, अभिमन्यु केशरी थे। वही उद्घोषक के रूप में अधिवक्ता गौरव कुमार थे। इसके पूर्व सुबह गौ के साथ साथ राधा कृष्ण की पूजा अर्चना की गई।
इस मौके पर सचिव कैलाश शर्मा, उपाध्यक्ष केदार केशरी, मनोरंजन वर्मा, मनोहर केशरी, वैद्यनाथ केशरी, लक्ष्मी साह, रामचंद्र केशरी,राजेश अग्रवाल, मनोज चौधरी,प्रवीण साह,अशोक ईश्वर, विवेक खेतान, रामदयाल केशरी, प्रेम किशन, प्रिंस सिंह, निशांत वर्मा,विकास मिश्रा सहित बड़ी संख्या में गौ प्रेमी उपस्थित थे।