दिल्ली में खेली गई खून की होली 06 लोगों की गई जान…..

राजधानी में होली के दिन बुधवार को सड़कों पर खूब खून बहा। छोटी-छोटी बातों पर हुए झगड़े के दौरान लोगों के सिर पर इस कदर खून सवार हुआ कि अलग-अलग स्थानों पर छह लोगों की हत्या कर दी गई। मुंडका में होली खेलने के दौरान हुए झगड़े में दो लोगों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं पंजाबी बाग, महरौली, फतेहपुरबेरी और शाहदरा में एक-एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई।

मुंडका में होली खेलने के दौरान दो की हत्या
बाहरी दिल्ली के मुंडका इलाके में होली खेलने के दौरान हुए झगड़े में दो युवकों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतकों की शिनाख्त सोनू (25) और नवीन (25) के रूप में हुई है। झगड़े में दोनों ओर से कुल पांच लोग जख्मी हो गए। इसमें आरोपी अभिषेक के अलावा एक अन्य युवक नसीम की हालत नाजुक है। पुलिस ने हत्या, हत्या के प्रयास और अवैध हथियार का मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। मूलरूप से बिहार के रहने वाले तस्लीम ने बताया कि वह मुंडका के फ्रेंड्स एंक्लेव में एक नमकीन फैक्टरी में ठेकेदार है। बुधवार को वह अपने कर्मचारी सोनू, नवीन और अन्यों के साथ होली खेल रहा था। इस दौरान पास में रहने वाले अभिषेक का सोनू से झगड़ा हो गया। अभिषेक वहां से चला गया और अपने दोस्त मोंटी, जसपाल, काकू, अनुज और रोहित को लेकर वहां पहुंचा। आते ही इन लोगों ने सोनू पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करा रहे नवीन-नसीम को भी चाकू मार दिए गए। हमले में कई को चाकू लगा। बाकी आरोपी फरार हो गए। अभिषेक को मौके पर पकड़कर बुरी तरह पीट दिया गया। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां सोनू, नवीन को मृत घोषित कर दिया गया जबकि बाकी पांच बुरी तरह जख्मी हो गए।

पंजाबी बाग : युवक की पीटकर हत्या, दो गिरफ्तार
पश्चिम दिल्ली के पंजाबी बाग इलाके में चोरी करने के लिए टोकने पर दो युवकों ने अपने दोस्त की पीट-पीटकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दौलतपुर, समयपुर बादली निवासी विकास चंद्रा (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज दोनों आरोपी करन और अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया है। अर्जुन के खिलाफ पहले से चोरी का मामला दर्ज है। विकास गोल्डन पार्क इलाके में एक सीएनजी पंप पर सेल्समैन का काम करता था। बुधवार शाम को वह अपने घर पहुंचा। घर के नजदीक वह अपने दोस्त अर्जुन को चोर कहकर चिढ़ाने लगा। इससे नाराज होकर अर्जुन ने करन के साथ मिलकर उसे बुरी तरह पीटा। इसके बाद उसे सिर के बल धक्का दे दिया। विकास को अस्पताल ले जाया गया,जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया

Share
Now