Home / News / अमेरिका में बना इतिहास जोहरान ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ…..

अमेरिका में बना इतिहास जोहरान ममदानी ने कुरान पर हाथ रखकर ली शपथ…..

न्यूयॉर्क।
अमेरिका की आर्थिक राजधानी माने जाने वाले न्यूयॉर्क सिटी में गुरुवार तड़के एक ऐतिहासिक राजनीतिक बदलाव देखने को मिला। डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट विचारधारा से जुड़े जोहरान ममदानी ने शहर के 112वें मेयर के रूप में शपथ ग्रहण की। यह शपथ ग्रहण समारोह बेहद सादगीपूर्ण और अंडरग्राउंड तरीके से आयोजित किया गया, जिसने इसे और भी अलग पहचान दी।
शपथ के दौरान जोहरान ममदानी ने दो कुरान शरीफ पर हाथ रखकर पद और गोपनीयता की शपथ ली। उनका यह कदम न सिर्फ धार्मिक सहिष्णुता का प्रतीक बना, बल्कि न्यूयॉर्क की विविधतापूर्ण संस्कृति को भी दर्शाता है।
चुनाव प्रचार के दौरान ममदानी ने अमेरिका के सबसे महंगे शहरों में शुमार न्यूयॉर्क में महंगाई, किराए और जीवनयापन की बढ़ती लागत को अपना मुख्य मुद्दा बनाया था। उन्होंने आम नागरिकों को राहत देने, सस्ती हाउसिंग, सार्वजनिक परिवहन को मजबूत करने और सामाजिक असमानता को कम करने जैसे बड़े वादे किए थे।
राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, ममदानी की जीत को न्यूयॉर्क की राजनीति में एक नए युग की शुरुआत माना जा रहा है। डेमोक्रेटिक सोशलिस्ट एजेंडे के साथ सत्ता में आए ममदानी से युवाओं, अल्पसंख्यकों और मध्यम वर्ग को खास उम्मीदें हैं।
शपथ ग्रहण के बाद अपने पहले संबोधन में ममदानी ने कहा कि उनकी सरकार “न्यूयॉर्क को आम लोगों का शहर बनाएगी, न कि सिर्फ अमीरों का।”
उनके इस बयान से साफ है कि आने वाले समय में न्यूयॉर्क की नीतियों और प्राथमिकताओं में बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Tagged:
[post-views]
Share
Now