Home / News / कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रमुख सचिव और डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश

कांवड़ यात्रा को लेकर बरेली में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, प्रमुख सचिव और डीजीपी ने दिए सख्त निर्देश

बरेली। आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गुरुवार को बरेली के सर्किट हाउस में उत्तर प्रदेश सरकार की एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल और पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव कृष्ण ने बरेली एवं मुरादाबाद मंडल के प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ यात्रा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं, पेयजल, बिजली, सड़क मरम्मत और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु विभिन्न मार्गों से गुजरेंगे, इसलिए सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर कांवड़ शिविर, मेडिकल कैंप और प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित किए जाएं, ताकि किसी भी आपात स्थिति में श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही एंबुलेंस और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को भी पूरी तरह अलर्ट रखने के निर्देश दिए गए।

प्रमुख सचिव ने कहा कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यात्रा मार्ग पर स्वच्छ पेयजल, मोबाइल शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियों को निर्देशित किया कि जिन सड़कों पर कांवड़ियों का आवागमन होना है, वहां मरम्मत कार्य तत्काल पूरा किया जाए और रास्तों को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जाए।

बैठक को संबोधित करते हुए डीजीपी राजीव कृष्ण ने कानून-व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाए तथा ड्रोन, सीसीटीवी कैमरों और अन्य आधुनिक तकनीकों की सहायता से लगातार निगरानी रखी जाए। सोशल मीडिया पर भी विशेष नजर रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

डीजीपी ने कहा कि शरारती एवं अराजक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखी जाए और यदि कहीं भी माहौल बिगाड़ने का प्रयास हो तो पुलिस तुरंत प्रभावी कार्रवाई करे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित भ्रमण करें और स्थानीय लोगों, व्यापारियों तथा कांवड़ समितियों के साथ समन्वय बनाकर रखें, ताकि किसी भी समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके।

समीक्षा बैठक के दौरान कुछ स्थानों पर तैयारियों में कमी और लापरवाही सामने आने पर प्रमुख सचिव और डीजीपी ने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने निर्देश दिए कि यात्रा शुरू होने से पहले सभी कमियों को हर हाल में दूर किया जाए। साथ ही यह भी कहा गया कि प्रत्येक विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध तरीके से निर्वहन करे और किसी भी प्रकार की ढिलाई न बरती जाए।

बैठक में यातायात व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा हुई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन प्लान लागू किया जाए, ताकि आम नागरिकों और श्रद्धालुओं दोनों को कम से कम परेशानी हो। पार्किंग स्थलों, बैरिकेडिंग और भीड़ नियंत्रण की व्यवस्थाओं को भी समय से पूरा करने के निर्देश दिए गए।

कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित सर्किट हाउस में आयोजित इस समीक्षा बैठक में बरेली और मुरादाबाद मंडल के मंडलायुक्त, जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के अंत में प्रमुख सचिव एस.पी. गोयल और डीजीपी राजीव कृष्ण ने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा सरकार की प्राथमिकता है और इसे पूरी सुरक्षा, बेहतर प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ सफलतापूर्वक संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रा प्रारंभ होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण कर लिया जाए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और कांवड़ यात्रा सकुशल एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now