Home / News / जन सुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राज कपूर सिंह गिरफ्तार, लाइसेंसी राइफल से जुड़ा है मामला

जन सुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी राज कपूर सिंह गिरफ्तार, लाइसेंसी राइफल से जुड़ा है मामला

लोकेशन – समस्तीपुर
रिपोर्ट – नवनीत कुमार झा

समस्तीपुर । मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी रहे राज कपूर सिंह को पुलिस ने अवैध हथियार बरामदगी से जुड़े मामले में गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, उन पर आपराधिक घटना को अंजाम देने के उद्देश्य से अपना लाइसेंसी हथियार उपलब्ध कराने तथा बाद में हथियार चोरी होने की बात कहकर प्रशासन को गुमराह करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार, 6 जून 2025 को एसटीएफ एवं मोहिउद्दीननगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने सुल्तानपुर गांव में सरोज सिंह के घर छापेमारी की थी। इस दौरान भारी मात्रा में अवैध एवं प्रतिबंधित आग्नेयास्त्र बरामद किए गए थे। मामले में मोहिउद्दीननगर थाना कांड संख्या 113/25 दर्ज किया गया था।

अनुसंधान के दौरान पुलिस के सामने आया कि राज कपूर सिंह ने अपना लाइसेंसी हथियार, जिसकी अनुज्ञप्ति संख्या 7550/NL/DMR है, सरोज सिंह को दिया था। पुलिस ने सरोज सिंह के घर से अन्य हथियारों के साथ राज कपूर सिंह का लाइसेंसी हथियार भी बरामद किया।

पुलिस का कहना है कि हथियार बरामद होने की जानकारी मिलने के बाद राज कपूर सिंह ने अपनी राइफल चोरी होने की बात बताते हुए न्यायालय में परिवाद दायर किया। इसके आधार पर मोहिउद्दीननगर थाना कांड संख्या 25/26 दर्ज किया गया। बाद में न्यायालय के आदेश पर जब्त राइफल नंबर 166109096 का भौतिक सत्यापन कराया गया। सत्यापन में यही राइफल चोरी के मामले में कथित तौर पर चोरी गई राइफल पाई गई।

पुलिस के अनुसार, अनुसंधान में सामने आए साक्ष्यों के आधार पर राइफल चोरी का मामला असत्य पाया गया तथा हथियार बरामदगी के मामले में राज कपूर सिंह की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गौरतलब है कि राज कपूर सिंह मोहिउद्दीननगर विधानसभा क्षेत्र से जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ चुके हैं। 2025 के विधानसभा चुनाव में उन्हें 4,414 मत मिले थे।

गिरफ्तारी की कार्रवाई में मोहिउद्दीननगर थानाध्यक्ष पु०अ०नि० विनय कुमार, पु०अ०नि० रामकुमार एवं थाना के सशस्त्र बल शामिल रहे।

Tagged:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

[post-views]
Share
Now