गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का निधन हो गया। केशुभाई पटेल की उम्र 92 साल थी। उन्होंने अहमदाबाद के एक अस्पताल में अंतिम सांस ली। गुरुवार सुबह सांस लेने में तकलीफ होने के बाद केशुभाई पटेल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली।
केशुभाई पटेल ने 1995 और 1998 से 2001 तक गुजरात के सीएम के रूप में कार्य किया। छह बार गुजरात विधानसभा के सदस्य रहे पटेल ने 2012 में भाजपा छोड़ दी और अपनी खुद की राजनीतिक पार्टी ‘गुजरात परिवर्तन पार्टी’ बनाई। उन्हें 2012 के राज्य विधानसभा चुनाव में विसावदर से जीत हासिल हुई, लेकिन बाद में बीमार होने के कारण 2014 में उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
बता दें कि हाल ही में केशुभाई पटेल कोविड-19 की चपेट में आ गए थे। हालांकि, इलाज के बाद वह स्वस्थ हो गए और घर लौटे। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने केशुभाई पटेल के निधन पर दुख जताया है और परिवार के लोगों से बात की है।
केशुभाई पटेल के बेटे ने बताया कि कोविड-19 से उबरने के बाद भी लगातार उनकी सेहत बिगड़ रही थी। सांस लेने में तकलीफ होने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।