कांग्रेस नेता राहुल गांधी इन दिनों बिहार में वोट अधिकार यात्रा पर हैं। दरभंगा जिले में उनकी इस यात्रा के दौरान एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते दिख रहे हैं। वीडियो के सामने आते ही राजनीतिक बवाल मच गया है।
भाजपा सांसद संबित पात्रा ने इस घटना पर प्रेस कॉन्फ्रेंस की और कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री और उनकी माता जी के लिए जिस तरह की भाषा का प्रयोग हुआ है, वह बेहद शर्मनाक है। पात्रा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस अब “गांधी जी की पार्टी” नहीं बल्कि “गाली वाली पार्टी” बन गई है।
उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसते हुए कहा कि वे लगातार प्रधानमंत्री को ‘तू’ कहकर संबोधित कर रहे हैं, जबकि वे 140 करोड़ भारतीयों के प्रधानमंत्री हैं। देश अभद्र और अमर्यादित भाषा को पसंद नहीं करता। यह पहला मौका नहीं है जब कांग्रेस ने इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किया होबी संसद में भी कई बार अनुचित शब्दों के प्रयोग पर सवाल उठ चुके हैं।
संबित पात्रा ने राहुल गांधी की तुलना संजय राउत और मणिशंकर अय्यर से करते हुए कहा कि राहुल ने अब कांग्रेस में “गाली संस्कृति” को आगे बढ़ा दिया है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री को गाली देने से कांग्रेस को भले ही सुकून मिलता हो, लेकिन बिहार की जनता इसका जवाब ज़रूर देगी।”
रिपोर्ट : कनक चौहान






