उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को दो अलग-अलग जगहों पर रिश्वतखोर सरकारी कर्मचारियों को रंगे हाथ पकड़ा। वाराणसी में महिला इंस्पेक्टर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने गिरफ्तार कर लिया। पकड़ में आने के बाद इंस्पेक्टर ने टीम पर रौब जमाने और मामला सुलझाने की कोशिश की, लेकिन अधिकारियों ने उसकी एक न सुनी और उसे हिरासत में ले लिया।

वहीं, चंदौली में विजिलेंस टीम ने फायर ब्रिगेड के एक कॉन्स्टेबल को भी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। जब अधिकारियों ने उसे ऑफिस से बाहर लाकर गाड़ी में बैठाया, तो वह दूसरी तरफ के गेट से भागने लगा। टीम के कर्मियों ने पीछा कर उसे दौड़ाकर पकड़ा और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की।
इसके बाद उसे वाराणसी ले जाया गया, जहाँ आगे की पूछताछ अभी जारी है। प्रदेश में लगातार भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जा रही है और प्रशासन ने साफ संदेश दिया है कि रिश्वतखोरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
रिपोर्ट : ज्योति नौटियाल






