बरेली। थाना भुता पुलिस ने हत्या के एक चर्चित मामले का खुलासा करते हुए वादी को ही आरोपी के रूप में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, जिस युवक ने अपने पिता की हत्या का मुकदमा तीन लोगों के खिलाफ दर्ज कराया था, वही विवेचना में हत्या का आरोपी निकला।
पुलिस के मुताबिक, 1 जून 2025 को ग्राम सहजनपुर हेतराम निवासी धीरज मिश्रा ने अपने पिता कृष्ण कुमार मिश्रा उर्फ छल्लू महाराज की हत्या का आरोप गिरजेश, राजू और भूरे पर लगाते हुए थाना भुता में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की जांच के दौरान चश्मदीद गवाहों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर नामजद तीनों व्यक्तियों के खिलाफ आरोप असत्य पाए गए। वहीं, साक्ष्यों के आधार पर वादी धीरज मिश्रा स्वयं हत्या का आरोपी पाया गया। इसके बाद मुकदमे में सामूहिक अपराध की धारा हटाकर धारा 103(1) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई।
थाना भुता पुलिस ने 6 जुलाई 2026 को धीरज मिश्रा को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पिता शराब, स्मैक और नशीले इंजेक्शन के आदी थे तथा नशे की वजह से अक्सर घर में विवाद करते थे। 24/25 मई 2025 की रात गाली-गलौज से गुस्साए धीरज ने घर में पड़े एक मोटे डंडे को पिता के गले पर रखकर दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, हत्या के बाद खुद को बचाने के लिए धीरज ने पिता के साथ नशा करने वाले तीन लोगों के खिलाफ झूठी तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करा दिया था। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए पश्चाताप भी जताया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पिता की हत्या कर दूसरों पर लगाया आरोप, एक साल बाद बेटा निकला हत्यारा






