राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के भीतर हालात इन दिनों कुछ ठीक नहीं लग रहे हैं। सीट बंटवारे के ऐलान के बाद से ही गठबंधन के अंदर मतभेद और नाराजगी देखने को मिल रही है। सीएम नीतीश कुमार इस बात से खफा बताए जा रहे हैं कि उनकी पार्टी की कुछ सीटें लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के खाते में चली गईं। इसी वजह से उन्होंने अपने आवास पर जेडीयू और भाजपा नेताओं की बैठक भी बुलाई।
वहीं आपको बता दे की छह सीटें मिलने से नाराज उपेंद्र कुशवाहा को मनाने के लिए देर रात केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी उनके घर पहुंचे। दोनों नेताओं के बीच लंबी बातचीत हुई। बाहर आने पर नित्यानंद राय ने कहा “जैसा कि उपेंद्र जी ने कहा, सबकुछ ठीक है और जल्द ही सब ठीक हो जाएगा।” साथ ही उपेंद्र कुशवाहा ने भी कहा कि वे दिल्ली जा रहे हैं ताकि एनडीए के भीतर लिए जा रहे फैसलों पर चर्चा की जा सके। उन्होंने भरोसा जताया कि बात जल्द सुलझ जाएगी। इससे पहले उन्होंने अपनी नाराजगी शायराना अंदाज़ में जाहिर करते हुए कार्यकर्ताओं से माफी भी मांगी थी। उनका कहना था कि पार्टी को जितनी सीटें मिलनी चाहिए थीं, उतनी नहीं मिलीं, जिससे कई साथी और उम्मीदवार निराश हैं।
साथ ही आपको बता दे की हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री भी खुलकर नाराजगी जता चुके हैं। उन्होंने नीतीश कुमार का समर्थन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री का गुस्सा जायज है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सीटों पर फैसला हो चुका है, तो जेडीयू के हिस्से की सीटों पर कोई और उम्मीदवार क्यों दे रहा है? उन्होंने साफ कहा कि उनकी पार्टी अब बोधगया और मखदुमपुर से अपने प्रत्याशी उतारेगी।
रिपोर्ट:- कनक चौहान






