सागर (मध्यप्रदेश)
लाल साहब लोधी
संभागीय जनसंपर्क कार्यालय सागर
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल
सागर, 06 मई 2026
प्रदेश के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल 6 एवं 7 मई 2026 को सागर जिले के प्रवास पर रहेंगे। प्रवास के दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सागर में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल 06 मई 2026 को सायं 5.30 बजे भोपाल से प्रस्थान कर रात्रि 8.30 बजे सागर पहुंचेंगे तथा सागर में रात्रि विश्राम करेंगे। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल 7 मई 2026 को प्रातः 9 बजे सर्किट हाउस, सागर में आमजनों से भेंट करेंगे वे प्रातः 10 बजे वे स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल दोपहर 12 बजे नवीन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष, सागर में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में शामिल होंगे ।
लखपति दीदियों को अब रोजगार प्रदाता के रूप में करें प्रोत्साहित
प्रत्येक ब्लॉक में कंटूर ट्रेंच निर्माण के लिए स्थल करें चिन्हांकित
जल गंगा संवर्धन’ के अंतर्गत कार्यों में 20 मई तक उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित करें
कलेक्टर श्रीमती पाल ने की ग्रामीण विकास की योजनाओं की समीक्षा
सागर, 06 मई 2026
ग्रामीण विकास की योजनाओं को धरातल पर उतारने और महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विस्तृत समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने स्पष्ट किया कि अब ‘लखपति दीदी’ अभियान को अगले चरण में ले जाते हुए इन महिलाओं को ‘रोजगार प्रदाता’ के रूप में तैयार किया जाए।
जल गंगा संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के अंतर्गत कलेक्टर ने जल स्रोतों के संरक्षण पर जोर देते हुए निर्देश दिए कि ‘जल गंगा संवर्धन’ अभियान के अंतर्गत चल रहे कार्यों में 20 मई तक उल्लेखनीय प्रगति सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक ब्लॉक में कंटूर ट्रेंच के निर्माण के लिए स्थलों का चिन्हांकन कर कार्य प्रारंभ करने को कहा गया है, जिससे वर्षा जल संचयन को बढ़ावा मिल सके।
आजीविका और प्रशिक्षण पर केंद्रित रणनीति
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्व-सहायता समूहों की महिलाओं की आय बढ़ाने के लिए उनके प्रशिक्षण कार्यक्रमों में तेजी लाने के निर्देश दिए। किसानों, महिलाओं को बकरी पालन, शेड नेट हाउस, माइक्रो इरीगेशन और ऑक्सीजन वाटिका के रखरखाव का विशेष प्रशिक्षण दिया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत अगले सप्ताह एक जिला स्तरीय वर्कशॉप आयोजित की जाएगी, जिसमें महिलाओं को उद्यमिता के गुर सिखाए जाएंगे। इसी प्रकार स्वच्छता का ‘अंबिकापुर मॉडल’ और कचरा प्रबंधन के लिए स्वच्छ भारत मिशन के तहत जिले की पंचायतों को स्वच्छ बनाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने के निर्देश दिए और प्रत्येक ब्लॉक की शुरुआती 10-10 पंचायतों में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (Solid Waste Management) और एम आर एफ सी (Material Recovery Facility Centre) का संचालन शुरू किया जाए। इन पंचायतों में छत्तीसगढ़ के ‘अंबिकापुर मॉडल’ की तर्ज पर घर-घर कचरा संग्रहण सुनिश्चित किया जाने के भी निर्देश दिए।
कलेक्टर ने प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता और गति लाने के लिए सख्त समय-सीमा निर्धारित की है। उन्होंने मई माह के अंत तक समग्र पोर्टल पर शत-प्रतिशत ई-केवाईसी का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अगली बैठक से पंचायतों में टैक्स कलेक्शन और यूजर चार्जेस की वसूली की भी समीक्षा की जाएगी। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि वसूले गए शुल्क का उपयोग पंचायत स्तर पर ही विकास कार्यों और स्वच्छता सेवाओं के सुदृढ़ीकरण में किया जाए।
उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल महिलाओं की आय बढ़ाना नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर बनाकर समाज में रोजगार सृजक के रूप में स्थापित करना है। पंचायतों में स्वच्छता और जल संरक्षण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी सहित ग्रामीण विकास से संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
जनगणना 2027
मकान सूचीकरण अवधि में अधिकारियों-कर्मचारियों के अवकाश पर प्रतिबंध
सागर 06 मई 2026
जनगणना 2027 के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का महत्वपूर्ण कार्य 1 मई से 30 मई 2026 की अवधि में अनिवार्य रूप से संपादित किया जाना है। उक्त कार्य को दृष्टिगत रखते हुए जनगणना कार्य में संलग्न अधिकारियों एवं कर्मचारियों के 1 मई 2026 से 30 मई 2026 तक लिए जाने वाले सभी प्रकार के अवकाश पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले के समस्त विभाग प्रमुखों, कार्यालय प्रमुखों एवं प्रभारी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त अवधि में केवल विशेष परिस्थितियों में ही अवकाश स्वीकृत किया जाए। ऐसे मामलों में भी अवकाश स्वीकृति से पूर्व अधोहस्ताक्षरकर्ता से अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है, जिससे जनगणना कार्य निर्धारित समय-सीमा में सुचारु एवं प्रभावी रूप से पूर्ण किया।
जनगणना 2027
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में सागर जिला अग्रणी,
121 एचएलबी का कार्य पूर्ण
सागर 06 मई 2026
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग एचएलबी का कार्य तेजी से प्रगति पर है। अब तक जिले में 121 एचएलबी का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। यह उपलब्धि प्रशासनिक समन्वय, प्रगणकों की मेहनत तथा आमजन के सहयोग का परिणाम है। जनगणना कार्य के अंतर्गत डिजिटल माध्यम से एचएलओ ऐप पर मकानों का सूचीकरण एवं गणना की जा रही है। प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्र कर उसे ऑनलाइन दर्ज कर रहे हैं, जिससे डेटा की सटीकता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित हो रही है।
जोन-01 के सुपरवाइजर सर्किल-09 के एचएलबी 0054 में नियुक्त प्रगणक श्रीमती शिल्पा पाण्डेय ने उत्कृष्ट कार्य करते हुए कम समय में मकानों की शत-प्रतिशत गणना पूर्ण कर डेटा सफलतापूर्वक सिंक किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे सर्किल में उत्साह का वातावरण है। इस कार्य में सुपरवाइजर श्रीमती नीतू शुक्ला एवं चार्ज अधिकारी श्रीमती आयुषी श्रीवास्तव का मार्गदर्शन रहा। नगर निगम की जनगणना महिला टीम का नेतृत्व श्रीमती विजयालक्ष्मी श्रीवास्तव द्वारा किया जा रहा है।
इसी प्रकार देवरी क्षेत्र के सिमरिया ग्राम में प्रगणक राकेश राजौरिया द्वारा एचएलबी-212 (सर्किल-27) में 83 भवनों के अंतर्गत 91 जनगणना मकानों की प्रविष्टि पूर्ण कर ली गई है। इनमें 66 सामान्य परिवार एवं 25 गैर-आवासीय मकान शामिल हैं। सभी मकानों की नंबरिंग का कार्य भी पूरा कर लिया गया है, जिससे डेटा की पहचान और ट्रैकिंग सुदृढ़ हुई है। इस कार्य का पर्यवेक्षण सुपरवाइजर श्री संदीप पाण्डेय द्वारा किया गया।
रहली तहसील अंतर्गत ग्राम पाटई में प्रगणक श्री कृष्णा राजपूत द्वारा 230 मकानों का सूचीकरण कार्य तथा ग्राम जूना में श्री भरत कुर्मी द्वारा मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। यह कार्य अनुविभागीय अधिकारी एवं जनगणना अधिकारी श्री कुलदीप पाराशर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
नगर परिषद सुरखी में भी विभिन्न सर्किलों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की गई है। सर्किल-02 के एचएलबी-07 में 119 मकानों, सर्किल-03 के एचएलबी-13 में 122 प्रविष्टियों तथा सर्किल-01 के एचएलबी-04 में 256 मकानों का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। इसी प्रकार एचएलबी-05 एवं एचएलबी-0025 में भी शत-प्रतिशत प्रविष्टि सुनिश्चित की गई है। शाहगढ़ नगर परिषद के एचएलबी-25 में भी 190 मकानों का डेटा सफलतापूर्वक दर्ज किया गया है।
जनगणना 2027 के तहत प्रगणकों द्वारा डिजिटल तकनीक का उपयोग करते हुए सटीक आंकड़े एकत्र किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं के निर्माण में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल द्वारा सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि कार्य को समयबद्ध, पारदर्शी एवं त्रुटिरहित तरीके से पूर्ण किया जाए। प्रगणक इस भीषण गर्मी में भी पूरी निष्ठा से अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। आमजन भी जनगणना कार्य में सहयोग करते हुए प्रगणकों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
58/1448/
बंडा सिंचाई परियोजना
96 प्रभावितों को 10.32 करोड़ रुपये से अधिक मुआवजा स्वीकृत
सागर 06 मई 2026
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार तहसील बंडा अंतर्गत बंडा सिंचाई परियोजना के तहत प्रभावितों को अर्जित भूमि एवं अन्य परिसंपत्तियों के एवज में बड़े पैमाने पर मुआवजा/अनुदान राशि स्वीकृत की गई है।
जारी आदेशों के अनुसार ग्राम कुल्ल, सेमरा अहीर, पिपरिया इल्लाई एवं सलेया खुर्द के कुल 16 अवार्डियों को 1,60,07,199 रुपये (एक करोड़ साठ लाख सात हजार एक सौ निन्यानवे रुपये) की राशि ई-भुगतान के माध्यम से उनके बैंक खातों में जमा करने की अनुमति दी गई है।
इसी क्रम में ग्राम पिपरिया इल्लाई एवं सलेया खुर्द के 6 अन्य प्रभावित अवार्डियों को 47,42,214 रुपये (सैंतालीस लाख, बयालीस हजार, दो सौ चौदह रुपये) का मुआवजा स्वीकृत किया गया है, जिसका भुगतान भी पी.डी. खाते से किया जाएगा।
वहीं बंडा तहसील अंतर्गत ग्राम पिपरिया इल्लाई के 74 प्रभावित अवार्डियों को 8,24,77,682 रुपये (आठ करोड़ चौबीस लाख सतहत्तर हजार छह सौ बयासी रुपये) की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है।
इस प्रकार बंडा सिंचाई परियोजना के अंतर्गत कुल 96 प्रभावितों को 10 करोड़ 32 लाख रुपये से अधिक की मुआवजा राशि स्वीकृत की गई है। कलेक्टर द्वारा पी.डी. खाते से भुगतान की अनुमति प्रदान की गई है तथा संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को शीघ्र लाभ मिल सके।
59/1449/2026 photo 0
बंडा सिंचाई परियोजना
मुआवजा वितरण कार्य में तेजी, बैंक खाता एकत्रण हेतु दल गठित
सागर 06 मई 2026
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार बंडा सिंचाई परियोजना के अंतर्गत प्रभावित ग्रामों के हितबद्ध व्यक्तियों को मुआवजा राशि वितरण की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। इस संबंध में आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। कलेक्टर द्वारा टी.एल. बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन में हितबद्ध व्यक्तियों को शीघ्र मुआवजा वितरण सुनिश्चित करने हेतु विशेष कदम उठाए गए हैं। इसके अंतर्गत बैंक खातों का संकलन, नाम में भिन्नता, फौती, मिशल बंदोबस्त एवं अन्य त्रुटियों के सुधार से संबंधित प्रतिवेदन तैयार करने हेतु विशेष दलों का गठन किया गया है।
गठित दलों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित ग्रामों में जाकर मुआवजा प्राप्तकर्ताओं के अप्राप्त बैंक खातों का संकलन करें तथा फौती, नाम संबंधी त्रुटियों एवं अन्य राजस्व अभिलेखीय विसंगतियों की जांच कर उनका निराकरण सुनिश्चित करें। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यह संपूर्ण कार्य तीन दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए। साथ ही प्रतिदिन सायंकाल कार्य की प्रगति से संबंधित रिपोर्ट प्रस्तुत करना अनिवार्य किया गया है।
संबंधित दलों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने ग्रामों की नस्तियों एवं अभिलेखों के साथ मौके पर उपस्थित होकर कार्यवाही सुनिश्चित करें, ताकि मुआवजा वितरण प्रक्रिया में किसी प्रकार की देरी न हो और प्रभावित परिवारों को शीघ्र लाभ प्राप्त हो सके।
जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक 7 मई को
सागर 06 मई 2026
जिला विकास सलाहकार समिति सागर की बैठक 7 मई 2026 को दोपहर 12 बजे से नवीन कलेक्ट्रेट सभाकक्ष सागर में आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता जिले के प्रभारी मंत्री एवं उपाध्यक्ष, जिला विकास सलाहकार समिति द्वारा की जाएगी। बैठक में जल जीवन मिशन अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति तथा जिले की पंचायतों एवं नगरीय निकायों में जल प्रदाय की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही चिकित्सा महाविद्यालय सागर एवं स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत निर्माण कार्यों की प्रगति तथा जिले में संचालित सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।
संभाग कमिश्नर श्री सुचारी के पिता के निधन पर कमिश्नर कार्यालय में शोकसभा का आयोजन, श्रद्धांजलि दी गई
सागर, 06 मई 2026
संभागायुक्त सागर भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारी श्री अनिल सुचारी के पूज्य पिताजी श्री एस.एल. सुचारी (सेवानिवृत्त पी.ए.एस. 1964 बैच) के निधन पर संभाग कमिश्नर कार्यालय के अधिकारी एवं कर्मचारियों द्वारा शोकसभा आयोजित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर जॉइंट कमिश्नर श्री राजेश शुक्ला ने समस्त कर्मचारियों के साथ 2 मिनट का मौन रखकर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
देवरी में ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (आरोह-2026) प्रारम्भ
सागर, 06 मई 2026
प्रदेश सरकार और विभागीय मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग की मंशानुसार खिलाड़ियों के सर्वागींण एवं उनके समग्र विकास हेतु खेल और युवा कल्याण विभाग इस वर्ष ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर (आरोह-2026) का आयोजन नवीन स्वरूप में किया जा रहा हैं। यह शिविर में खेल प्रशिक्षण के साथ फिटनेस, व्यक्तिव विकास एवं सामाजिक जागरूकता का समग्र मंच प्रदान कर प्रतिभाशाली विधार्थियों को उत्कृष्ट खिलाड़ी बनने हेतु तैयार करेगा। नवीन उद्देश्योंः विधार्थियों में खेलों के प्रति रूचि विकसित करना, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ को सुदृढ करना, प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान एवं नेतृत्व क्षमता का निर्माण युवाओं को नशामुक्त, साइवर सुरक्षा, एवं सामाजिक विषयों के प्रति जागरूक, समाज को फिटनेस, एवं संस्कृति से जोड़ना, तथा महिलाओं को आत्मरक्षा से सबंधित खेलों का प्रशिक्षण देने का समावेश किया गया है।
खेल और युवा कल्याण विभाग सागर विकासखण्ड समन्वयक बसीम राजा खान देवरी के माध्यम से कब्ब्डडी खेल का प्रशिक्षण खेल परिसर (इंडोर स्टेडियम) एवं खो खो खेल का प्रशिक्षण रॉयल पब्लिक स्कूल खेल परिसर में निर्धारित समय सायं 4.30 से 6.00 बजे तक दिया जा रहा है खेल प्रशिक्षण में 08 से 19 वर्ष आयु वर्ग के बालक एवं बालिका खिलाड़ियों प्रशिक्षण ले रहे है, खेल प्रशिक्षण उपरांत अपना प्रमाण पत्र डाउनलोड कर सके।
मप्र पर्यटन क्विज
विजेता एवं उपविजेता टीमों का शैक्षणिक भ्रमण सफलतापूर्वक संपन्न
सागर, 06 मई 2026
मध्यप्रदेश पर्यटन निगम के तत्वाधान में आयोजित मप्र पर्यटन क्विज 2025 की विजेता एवं उपविजेता टीमों का शैक्षणिक एवं पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम दो चरणों में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश की समृद्ध ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत से परिचित कराना रहा।
प्रथम चरण में विजेता टीम के 9 सदस्यों को 27 अप्रैल से 29 अप्रैल 2026 तक शिवपुरी एवं चंदेरी के ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने इन स्थलों की स्थापत्य कला, ऐतिहासिक महत्व एवं प्राकृतिक सौंदर्य को नजदीक से देखा और समझा। द्वितीय चरण में उपविजेता टीम को 4 मई से 5 मई 2026 तक सांची, भोजपुर, भीमबेटका एवं भोपाल के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने का अवसर मिला। विद्यार्थियों ने सांची स्तूप, भोजपुर मंदिर एवं भीमबेटका की प्रागैतिहासिक गुफाओं सहित विभिन्न स्थलों की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
दोनों चरणों में समस्त व्यवस्थाएं मध्यप्रदेश पर्यटन निगम द्वारा सुनिश्चित की गईं। इसमें आवागमन, आवास, टूरिस्ट गाइड के साथ-साथ नाश्ता एवं भोजन की सुव्यवस्थित व्यवस्था शामिल रही। इस सुनियोजित आयोजन ने विद्यार्थियों को सहज एवं सुरक्षित वातावरण में अध्ययन-आधारित भ्रमण का अनुभव प्रदान किया। भ्रमण के दौरान टीमों के समन्वय एवं संचालन का दायित्व क्विज मास्टर श्री अखिलेश मिश्रा, शिक्षिका श्रीमती दिव्या तिवारी एवं श्रीमती शिवाली साहू द्वारा सफलतापूर्वक निभाया गया। यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायक सिद्ध हुआ।
खुशियों की दास्तान
नौरादेही टाइगर रिजर्व में बड़ी खुशखबरी, बाघिन N-6 चार शावकों के साथ दिखी
सागर, 06 मई 2026
मध्य प्रदेश के सबसे बड़े टाइगर रिजर्व वीरांगना रानी दुर्गावती (नौरादेही) टाइगर रिजर्व से फिर खुशखबरी आई है. यहां बाघिन N-6 चार शावकों के साथ कैमरे में कैद हुई है. जबकि पिछले एक महीने से N-6 को लापता बताए जा रहा था और उसके कॉलर आईडी के सिग्नल न मिलने की भी बात सामने आ रही थी, लेकिन टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा एक वीडियो जारी किया गया है, जिसमें N-6 बाघिन चार शावकों के साथ दिखाई दे रही है.
पिछले कई दिनों से थी बाघिन के लापता होने की खबर
जहां तक N-6 बाघिन की बात करें, तो पिछले करीब एक महीने से इसका पता नहीं था. चर्चा तो यहां तक थी कि बाघिन टाइगर रिजर्व से लापता हो गई है और उसका रेडियो कॉलर भी काम नहीं कर रहा है. टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा पूरे इलाके में मुनादी भी कराई जा रही थी और लोगों को सतर्क किया जा रहा था. हालांकि नौरादेही टाइगर रिजर्व के डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह का कहना है कि “N-6 बाघिन ना तो लापता हुई थी और ना ही किसी संकट में थी.उसका रेडियो कॉलर काफी पुराना हो गया था और हम उसे बदलने के लिए उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन जब आज उसकी तस्वीर सामने आई है. तब हमें अंदाजा लगा है कि N-6 बाघिन सुरक्षित प्रसव के लिए जंगल के कोर एरिया में महफूज जगह पर थी. हम आसपास के इलाकों में मुनादी इसलिए कर रहे थे, क्योंकि गांव के लोग जंगल में जाने के दौरान सुरक्षित रहे.
N-6 बाघिन को भा गया नौरादेही का माहौल
डिप्टी डायरेक्टर रजनीश कुमार सिंह ने बताया है कि N-6 बाघिन के चार शावकों के साथ नजर आने पर तय हो गया है कि पिछले साल ही पेंच से नौरादेही टाइगर रिजर्व आई N-6 बाघिन ने यहां पर अपने आप को अनुकूल कर लिया है. चार शावकों के जन्म देने से यह भी साफ हो गया है कि वह अपने आप को यहां पर सुरक्षित महसूस कर रही है.हालांकि N-6 बाघिन कहां और किस रेंज में देखी गई है, इसका खुलासा टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सुरक्षा कारणों से नहीं किया गया है, लेकिन प्रबंधन का कहना है कि N-6 बाघिन पूरी तरह सुरक्षित है और हमारे वनकर्मी उसकी सुरक्षा में मुस्तैद हैं. वह फिलहाल टाइगर रिजर्व के कोर एरिया में है.”
नौरादेही में बाघों की संख्या 30
देखा जाए तो नौरादेही टाइगर रिजर्व में बाघों की संख्या 30 तक पहुंच गई है. इसके पहले दिसंबर माह में मदर ऑफ नौरादेही कही जाने वाली बाघिन राधा (N-1) तीन शावकों के साथ नजर आई थी. गौरतलब है कि N-6 वह बाघिन है, जो पिछले साल पेंच टाइगर रिजर्व में सूअर के शिकार के चक्कर में सूअर के साथ ही कुएं में गिर गई थी. जिसका रेस्क्यू करके नोरादेही टाइगर रिजर्व में छ बाघिन है।
जनगणना 2027
शाहगढ़ तहसील के 11 ग्रामों में मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण
सागर, 06 मई 2026
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के मार्गदर्शन में जनगणना 2027 के अंतर्गत जिले में हाउस लिस्टिंग एवं मकान सूचीकरण कार्य निरंतर प्रगति पर है। इसी क्रम में तहसील शाहगढ़ के 11 ग्रामों में प्रगणकों द्वारा सफलतापूर्वक मकान सूचीकरण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जारी जानकारी के अनुसार ग्राम बरेठी में प्रगणक श्री सीताराम सिंह लोधी द्वारा 228 मकानों, ग्राम बरायठा में श्री महेन्द्र बंसल द्वारा 18 मकानों तथा ग्राम झड़ोला में सुश्री पूजा अहिरवार द्वारा 216 मकानों का सर्वे कार्य पूर्ण किया गया। इसी प्रकार ग्राम जासोंड़ा में श्री कमलेश कुमार बिदुआ द्वारा 160 मकानों, ग्राम बलयालपुरा में श्री चंदूलाल अहिरवार द्वारा 140 मकानों तथा ग्राम बराज में श्री रामकुमार चौरसिया द्वारा 204 मकानों का सूचीकरण किया गया।
ग्राम जालमपुर में श्रीमती ज्योत्सना पाण्डेय द्वारा 129 मकानों, ग्राम मुहली में श्रीमती पूजा राज द्वारा 151 मकानों तथा ग्राम बुढ़ना में श्री संदीप चढ़ार द्वारा 103 मकानों का सर्वे कार्य पूर्ण किया गया है। इसके अतिरिक्त ग्राम चकेरी में श्रीमती रेणुका लहेरिया द्वारा 38 मकानों एवं ग्राम छायन में श्री दीपक सोनी द्वारा 37 मकानों का सूचीकरण कार्य पूर्ण किया गया।
इस प्रकार शाहगढ़ तहसील के इन 11 ग्रामों में कुल 1,424 जनगणना मकानों का सफलतापूर्वक सर्वे एवं सूचीकरण कार्य पूर्ण किया गया है। यह कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाना प्रशासनिक दक्षता एवं प्रगणकों की सक्रियता को दर्शाता है। उक्त सभी कार्य अनुविभागीय अधिकारी एवं जनगणना अधिकारी श्री नवीन सिंह ठाकुर के निर्देशन में संपन्न हुए। चार्ज अधिकारी श्री विजयकांत त्रिपाठी के मार्गदर्शन तथा संबंधित पर्यवेक्षकों एवं तकनीकी सहायक श्री हबीब शाह के सहयोग से यह कार्य सुव्यवस्थित रूप से पूर्ण किया गया।
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल ने जनगणना कार्य में लगे सभी प्रगणकों, पर्यवेक्षकों एवं अधिकारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा है कि जनगणना 2027 के अंतर्गत सटीक एवं अद्यतन आंकड़े एकत्र करना अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिससे भविष्य की विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जाता है।
सफलता की कहानी
56 परिवारों की 100 प्रतिशत प्रविष्टि दर्ज
मकानों की नंबरिंग कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न
सागर, 06 मई 2026
कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी महोदया श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशन में जनगणना 2027 के तहत एचएलओ ऐप के माध्यम से शिवराज केवट जी द्वारा गढ़ाकोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गंगापुर में मकान सूचीकरण एवं गणना कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। जानकारी के अनुसार कुल 56 जनगणना मकानों की प्रविष्टि दर्ज की गई, जिसमें 07 गैर-आवासीय मकान तथा 42 सामान्य परिवार शामिल हैं। क्षेत्र में कोई संस्थागत परिवार, अपूर्ण, पूर्ण, लॉक या हटाया गया प्रकरण दर्ज नहीं हुआ।
एचएलबी-0145 गंगापुर क्षेत्र में कुल 47 भवन, 56 जनगणना मकानों की एंट्री एचएलओ ऐप पर पूर्ण कर ली गई है। इसके साथ ही सभी मकानों पर नंबरिंग का कार्य भी सफलतापूर्वक संपन्न कर दिया गया है, जिससे डेटा की पहचान एवं ट्रैकिंग प्रक्रिया और अधिक सुदृढ़ हुई है।
यह कार्य समय से पूर्व पूर्ण होने का मुख्य कारण यह रहा कि प्रगणक द्वारा पूर्व में ही एचएलओ ऐप डाउनलोड कर प्रशिक्षण प्राप्त कर लिया गया था। इसके पश्चात नियमित रूप से घर-घर सर्वे कर 56 परिवारों की जानकारी संग्रहित की गई। इस संपूर्ण कार्य का पर्यवेक्षण सुपरवाइजर श्री बृजेंद्र कुमार कुर्मी जी द्वारा किया गया, जबकि चार्ज अधिकारी एवं तहसीलदार तथा तकनीकी सहायक श्रीमती प्रियंका कपूर, श्री संजीव सेन एवं फील्ड ट्रेनर श्री मनीष वर्मा और श्री यशपाल कुर्मी जी के मार्गदर्शन में टीम ने समयबद्ध एवं सटीक डेटा संकलन सुनिश्चित किया।
मतदाता सूची पुनरीक्षण 2026
मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2026 की तैयारी हेतु मास्टर ट्रेनर्स एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों का प्रशिक्षण संपन्न
सागर, 06 मई 2026
मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल के निर्देशानुसार एवं निर्धारित कार्यक्रम के तहत कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी के मार्गदर्शन में नगरपालिकाओं एवं पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2026 की तैयारी हेतु प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण 06 अप्रैल 2026 को आर्ट एंड कॉमर्स कॉलेज, तिली रोड, सागर में आयोजित किया गया, जिसमें जिले की समस्त नगरीय निकायों एवं जनपद पंचायतों के मास्टर ट्रेनर्स एवं डाटा एंट्री ऑपरेटरों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. अमर जैन (सहायक प्राध्यापक), श्री आनंद मंगल बोहर (प्राचार्य), डॉ. शर्वेश्वर उपाध्याय (प्राध्यापक), श्री मनीष सक्सेना (उच्च माध्यमिक शिक्षक), श्री परमानंद सेन (प्रशिक्षण अधिकारी), श्री राजीव एलेक्जेंडर (टेक्नीशियन) एवं श्री बैनी प्रसाद प्रजापति (निर्वाचन पर्यवेक्षक, स्थानीय निर्वाचन, जिला सागर) द्वारा प्रतिभागियों को मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के नियमों एवं निर्देशों से अवगत कराया गया।
प्रशिक्षण में मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण की प्रक्रिया, डेटा एंट्री, सत्यापन एवं अद्यतन कार्यों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। साथ ही आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार समस्त कार्यवाही को समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु निर्देशित किया गया।
लू से बचाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी, आमजन से सावधानी बरतने की अपील
सागर, 06 मई 2026
राष्ट्रीय जलवायु परिवर्तन के प्रभाव एवं बढ़ती गर्मी के मद्देनज़र स्वास्थ्य विभाग द्वारा ‘हीट वेव’ (लू) से बचाव हेतु एडवाइजरी जारी की गई है। बताया गया है कि तेज गर्म हवाओं का मानव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, जिससे सिरदर्द, बुखार, उल्टी, अत्यधिक पसीना, कमजोरी, बेहोशी एवं शरीर में ऐंठन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
लू के लक्षण – सिरदर्द, बुखार, उल्टी, अत्याधिक पसीना एवं बेहोशी आना, कमजोरी महसूस होना, शरीर में ऐंठन, नब्ज असामान्य होना इत्यादि । ध्यान रखें ‘लू’ के लक्षण होतो व्यक्ति को छायादार जगह पर लिटायें, व्यक्ति के कपड़े ढ़ीले करें, उसे पेय पदार्थ कच्चे आम का पना आदि पिलायें, तापमान घटाने के लिये ठंडे पानी की पट्टियां रखें, प्रभावित व्यक्ति को तत्काल स्वास्थ्य केन्द्र लें जाकर चिकित्सकीय परामर्श लें ।
क्या करे :-
पर्याप्त पानी पिये भले ही आपको प्यास न लगी हो ।, यात्रा करते समय पीने का पानी साथ रखे।, पानी, छाछ, ओ.आर.एस का घोल या घर में बनें पेय पदार्थ जैसे-लस्सी, नीबू पानी, आम का पना, इत्यादि का सेवन करें।, सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें, धूप में निकलते समय अपना सिर ढंककर रखें, टोपी कपड़ा/छतरी का उपयोग करें, उच्च जल सामग्री बाले मौसमी फल और सब्जिया खायें जैसे तरबूज, खरबूजा, संतरा, अंगूर, अनानास, ककडी सलाद पत्ता। भरपेट ताजा भोजन करके ही घर से निकलें, धूप में अधिक न निकलें ।
क्या न करें –
धूप में खाली पेट न निकलें, पानी हमेशा साथ में रखें, शरीर में पानी की कमी न होने दें।मिर्च मसाले युक्त एवं वासा या रात का बचा हुआ भोजन न करें ।बुखार आने पर ठंडे पानी की पट्टियां रखें, कूलर या एयर कंडीशन से धूप में एकदम से न निकलें ।, दोपहर 12 बजे से 03 बजे तक धूप में बाहर निकले से बचे। नंगे पैर बाहर न जाये। भीड़-भाड़ बाली जगह पर लू का खतरा बड जाता है, भले ही लू की कोई अधिकारिक चेतावनी न हो।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सागर के द्वारा समस्त स्वास्थ्य संस्था प्रभारियों को निर्देश दिये हैं कि अपनी अपनी संस्था में उपचार एवं व्यवस्था बनाये रखें अपने अधीनस्थ स्टॉफ को रोकथाम एवं सावधानियों का प्रचार प्रसार करने हेतु निर्देशित करें ।
आमजन से अपील हैं कि अधिक तापमान होने के कारण विशेष कर शिशुओं तथा बच्चों, 65 वर्ष से अधिक आयु के महिला-पुरुष, मानसिक रोगियों तथा रक्तचाप वाले मरीजों का विशेष ध्यान रखें, घर से बाहर निकलने के पहले भरपेट पानी अवश्य पियें, सूती, ढीले एवं आरामदायक कपड़े पहनें, धूप में निकलते समय अपना सिर ढंककर रखें, टोपी/कपड़ा/छतरी/गमछा का उपयोग करें, भरपेट ताजा भोजन करके ही घर से निकलें, धूप में अधिक न निकले, पानी हमेशा साथ में रखें, शरीर में पानी की कमी न होने दें, बुखार आने पर ठंडे पानी की पट्टियां रखें, कूलर या एयर कंडीशन से धूप में एकदम न निकलें।











