अशोक कुमार श्रीवास की रिपोर्ट
कोरबा//जनपद पंचायत करतला की अध्यक्ष अशोक बाई कंवर ने उरगा थाना प्रभारी को पत्र लिखकर राखड़ परिवहन में लगे भारी वाहनों के गांव की सड़कों पर प्रवेश पर रोक लगाने की मांग की है।
पत्र में बताया गया है कि राखड़ परिवहन कार्य के लिए भारी वाहन लगातार ग्राम मड़वारानी और खरहरी की सड़कों से गुजर रहे हैं, जिससे ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंच रहा है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त हो रही हैं तथा बारिश के मौसम में मार्ग कीचड़युक्त हो गए हैं।
जनपद अध्यक्ष ने पत्र में उल्लेख किया है कि ग्राम खरहरी में 13वीं बटालियन के पुलिस सुरक्षा बल के जवानों के परिवार निवासरत हैं। उनके बच्चों सहित स्थानीय ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही भारी वाहनों की तेज आवाजाही से दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है, जिससे जान-माल का खतरा बढ़ गया है।
इस संबंध में ग्रामीणों एवं 13वीं बटालियन के परिवारों द्वारा जनपद अध्यक्ष को मौखिक शिकायत की गई थी। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए अशोक बाई कंवर ने उरगा थाना प्रभारी से गांव की सड़कों पर भारी वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाने तथा आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है।







