Join Us

क्राइम कैपिटल बनी दिल्ली: 09 साल के बच्चे से स्कूल में दुष्कर्म! मासूम ने सुनाई दिल दहलाने वाली आपबीती …..

उत्तर-पश्चिम दिल्ली के शालीमार बाग इलाके में स्कूल के भीतर नौ साल के मासूम लड़के साथ सामूहिक कुकर्म का मामला सामने आया है। घटना के बाद मासूम इस कदर डर गया कि उसने स्कूल ही जाना छोड़ दिया। परिजनों ने उससे पूछताछ की तो उसने घटना का खुलासा किया। मामले की सूचना पुलिस को दी गई।

पुलिस ने छानबीन के बाद मंगलवार को स्कूल के तीन अज्ञात लड़के खिलाफ सामूहिक कुकर्म, पॉक्सो, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने के अलावा अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी लड़कों की तलाश कर रही है। इसके अलावा मासूम की काउंसलिंग करवाई गई है। वारदात पांच-छह माह पूर्व की बताई जा रही है।

पुलिस के मुताबिक मासूम परिवार के साथ जहांगीरपुरी इलाके में किराए के मकान में रहता है। इसके परिवार में मां के अलावा भाई-बहन व अन्य सदस्य हैं। वह पास के एक सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा का छात्र था। पांच-छह माह पूर्व शाम छह बजे स्कूल की छुट्टी हुई तो वह पानी पीने अंदर चला गया। उस समय सारे बच्चे लगभग जा चुके थे।
पानी पीने के दौरान एक लड़के ने अचानक पीछे से आकर उसका मुंह दबा दिया। इसके बाद तीन लड़के उसे सुनसान जगह ले गए। वहां बारी-बारी से उसके साथ कुकर्म किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उसकी जमकर पिटाई की। मासूम रोने लगा तो आरोपियों ने किसी को कुछ भी बताने पर उसे और माता-पिता को जान से मारने की धमकी दी।
मासूम बुरी तरह डर गया और उसने डर की वजह से किसी को कुछ नहीं बताया। डर की वजह से उसने स्कूल जाना भी छोड़ दिया। परिजन स्कूल भेजते थे, वह रोने लगता था। काफी दिनों ऐसे ही चला। मां ने जब विश्वास में लेकर बेटे से पूछा तो उसने सारी बात बताई। इसके बाद मामले की शिकायत पुलिस से की गई।
पुलिस ने पहले उसकी काउंसलिंग कराने के बाद मेडिकल कराया। बाद में बयान दर्ज करने के बाद मंगलवार को शालीमार बाग थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब पुलिस आरोपी लड़कों की तलाश कर रही है।

Share
Now