पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) और मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट के बीच खींचातानी अब खुलकर सामने आ गई है। पीसीबी का आरोप है कि पायक्रॉफ्ट ने भारत-पाकिस्तान मैच के दौरान आईसीसी आचार संहिता की अनदेखी की और अब बोर्ड उनकी विदाई की मांग पर अड़ा है। इतना ही नहीं, पाकिस्तान ने यहां तक धमकी दे डाली है कि अगर पायक्रॉफ्ट नहीं हटाए गए तो वे टूर्नामेंट ही छोड़ देंगे।
विवाद आखिर है किस बात का?
ये पूरा मामला रविवार को दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान मुकाबले से जुड़ा है। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को 7 विकेट से हरा दिया था। मैच के बाद भारतीय खिलाड़ी सीधे ड्रेसिंग रूम चले गए और पाकिस्तानियों से हाथ तक नहीं मिलाया। इस पर पाकिस्तान भड़क गया और एशियन क्रिकेट काउंसिल (एसीसी) से शिकायत कर दी।
लेकिन असली चिंगारी टॉस के वक्त लगी। पीसीबी का दावा है कि रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से कहा था कि वे भारतीय कप्तान से हाथ न मिलाएं। यही नहीं, टीम शीट्स के एक्सचेंज में भी रेफरी पर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया गया है।
हटना आसान नहीं पाकिस्तान के लिए
भले ही पाकिस्तान ने एशिया कप छोड़ने की धमकी दे दी हो, लेकिन ऐसा करना इतना आसान नहीं है। वजह साफ है—पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी इस वक्त खुद एसीसी के प्रमुख हैं और आईसीसी के अध्यक्ष भारत के जय शाह। ऐसे में सीधा बहिष्कार करना पाकिस्तान के लिए महंगा सौदा हो सकता है।
सूत्रों का कहना है कि बीच का रास्ता ये हो सकता है कि पायक्रॉफ्ट को सिर्फ पाकिस्तान के मैचों से हटा दिया जाए और उनकी जगह रिची रिचर्डसन को रेफरी बनाया जाए।
भारत का भी जवाबी कदम?
इधर, भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है। लेकिन खबर ये भी है कि अगर भारत 28 सितंबर को फाइनल में पहुंचता है, तो भारतीय खिलाड़ी प्रेजेंटेशन सेरेमनी में एसीसी प्रमुख नकवी के साथ मंच साझा करने से इंकार कर सकते हैं।






