सहारनपुर। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने देहरादून-दिल्ली हाईवे स्थित सैय्यद माजरा गांव के कब्रिस्तान में भारी तबाही मचा दी। तेज पानी के बहाव और मिट्टी के कटाव के चलते कई कब्रें क्षतिग्रस्त हो गईं, जिससे कुछ शव बाहर आ गए और बहते हुए दिखाई दिए। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर समाजसेवी आशु और पाशा मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थानीय लोगों के सहयोग से बाहर आए शवों को पूरे सम्मान और धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार दोबारा सुपुर्द-ए-खाक कराया। विपरीत परिस्थितियों में किए गए इस मानवीय कार्य की क्षेत्रभर में सराहना हो रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि संकट की इस घड़ी में दोनों समाजसेवियों ने जिस संवेदनशीलता और जिम्मेदारी का परिचय दिया, वह मानवता की मिसाल है। वहीं लगातार बारिश के कारण कब्रिस्तान में हुए नुकसान ने प्रशासन के सामने भी सुरक्षा और संरक्षण की चुनौती खड़ी कर दी है। ग्रामीणों ने प्रशासन से कब्रिस्तान के चारों ओर सुरक्षा व्यवस्था और मिट्टी के कटाव को रोकने के लिए स्थायी इंतजाम कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।






