Home / Breaking News / 150 सीट मांगने से पहले अपनी हैसियत देखे कांग्रेस’, राहुल गांधी को लेकर सपा नेता ने सुनाई खरी-खरी…

150 सीट मांगने से पहले अपनी हैसियत देखे कांग्रेस’, राहुल गांधी को लेकर सपा नेता ने सुनाई खरी-खरी…

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन की चर्चा के साथ अब सीटों के बंटवारे का मुद्दा भी गरमाने लगा है। कांग्रेस की ओर से गठबंधन में कम से कम 150 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मांग सामने आई है। इसी मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के सांसद एसपी सिंह पटेल ने बड़ा बयान दिया है।

एसपी सिंह पटेल ने कांग्रेस की 150 सीटों की मांग को अनुचित बताते हुए कहा कि 150 सीटें तो दूर की बात है, कांग्रेस को 50 सीटें मिलना भी बड़ी बात होगी। उन्होंने सीटों के बंटवारे को लेकर पार्टियों की राजनीतिक ताकत, संगठन और उम्मीदवारों की स्थिति को आधार बनाने की बात कही। साथ ही उन्होंने दावा किया कि कई क्षेत्रों में कांग्रेस के पास पर्याप्त उम्मीदवार भी नहीं हैं।

दरअसल, यूपी विधानसभा में कुल 403 सीटें हैं और कांग्रेस के यूपी प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम पहले ही कह चुके हैं कि पार्टी 150 से कम सीटों पर चुनाव लड़ने के पक्ष में नहीं है। कांग्रेस का कहना है कि उसने अपनी तैयारी और पिछले चुनावी आंकड़ों के आधार पर इन सीटों को चिन्हित किया है। दूसरी ओर, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से भी पार्टी को करीब 350 सीटों पर चुनावी तैयारी करने के निर्देश दिए जाने की खबर है।

अपनी हैसियत के हिसाब से टिकट मांगे कांग्रेस: एसपी सिंह

एसपी सिंह पटेल ने कहा कि कांग्रेस को अपनी राजनीतिक ताकत और जमीनी स्थिति के हिसाब से ही सीटों की मांग करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि 150 सीट तो दूर की बात है, कांग्रेस को 50 सीट मिलना भी बड़ी बात होगी। उनके इस बयान के बाद दोनों दलों के बीच सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है।

ऐसे में दोनों दलों के बीच सीटों की संख्या को लेकर अंतर साफ दिखाई दे रहा है। हालांकि, अभी तक सीटों के बंटवारे पर कोई अंतिम समझौता सामने नहीं आया है। रिपोर्टों के मुताबिक, गठबंधन में सीट शेयरिंग को लेकर अक्टूबर में बातचीत आगे बढ़ने की उम्मीद है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि 2027 के चुनाव से पहले सपा और कांग्रेस किस फॉर्मूले पर सहमत होती हैं। फिलहाल एसपी सिंह पटेल के बयान ने गठबंधन के भीतर सीटों को लेकर चल रही खींचतान को सार्वजनिक बहस का मुद्दा बना दिया है।

Tagged:
[post-views]
Share
Now