कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: खड़गे या थरूर? कौन होगा किंग! 9 हजार वोटर तय करेंगे…..

देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस अपने अध्यक्ष का आज चुनाव कर रही है। पार्टी के तकरीबन 137 साल के इतिहास में छठी बार यह तय करने के लिए चुनावी मुकाबला होगा कि कौन पार्टी के इस अहम पद की कमान संभालेगा। इस बार मल्लिकार्जुन खड़गे और शशि थरूर के बीच कड़ा मुकाबला है। कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में पार्टी के 9800 मतदाता (PCC डैलीगेट्स) सुबह 10 से शाम 4 बजे तक देशभर में 40 केंद्रों पर बनाए गए 68 पोलिंग बूथों पर वोट डालेंगे। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा दिल्ली में वोट करेंगी जबकि पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शिविर, बेल्लारी में बनाए गए बूथ पर वोट डालेंगे

परिणाम 19 अक्तूबर को घोषित होगा
इस चुनाव का परिणाम 19 अक्तूबर को घोषित होगा। कांग्रेस के 137 साल के इतिहास में यह छठा अवसर है, जब वोट डाल कर पार्टी अध्यक्ष का चुनाव हो रहा है। आजादी के बाद से अब तक कांग्रेस के 17 अध्यक्ष रहे, जिसमें 5 बार गांधी परिवार के सदस्य रहे। इस बार पार्टी के वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खरगे और तिरुवनंतपुरम से पार्टी के सांसद शशि थरूर के बीच मुकाबला है। करीब 22 साल बाद हो रहे कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव में 24 साल बाद गैर-गांधी परिवार के हाथ में पार्टी की कमान जा रही है। इससे पहले 2000 में चुनाव हुआ था, जब सोनिया गांधी कांग्रेस अध्यक्ष बनी थीं।

2017 में सोनिया ने यह दायित्व राहुल गांधी को सौंप दिया था लेकिन 2019 के लोकसभा चुनाव में हुई हार के बाद राहुल ने इस्तीफा दे दिया। तब से सोनिया पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर काम कर रही हैं। पार्टी की ओर से कोई भी आधिकारिक उम्मीदवार नहीं है, लेकिन खड़गे को तमाम बड़े नेताओं का समर्थन प्राप्त है। इनमें से कई उनके प्रस्तावक हैं। खड़गे को इस पद के लिए पसंदीदा तथा ‘‘अनाधिकारिक रूप से आधिकारिक उम्मीदवार” माना जा रहा है और बड़ी संख्या में वरिष्ठ नेता उनका समर्थन कर रहे हैं जबकि थरूर ने अपने आप को बदलाव लाने वाले उम्मीदवार के तौर पर पेश किया है।

Share
Now